Uncategorizedछत्तीसगढ़

सरकारी नौकरी लगाने के नाम पर 15 लोगों से 25 लाख की ठगी, दो गिरफ्तार, खुद को बताया था गृहमंत्री का निज सहायक

रायपुर। सरकारी नौकरी लगाने और स्थानांतरण कराने के नाम पर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले दो आरोपियों को सिविल लाइन पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने खुद को प्रभावशाली लोगों से संपर्क वाला बताकर लोगों को झांसे में लिया। इनमें से एक आरोपी ने खुद को गृहमंत्री का निज सहायक बताकर भी लोगों को विश्वास में लिया था। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने करीब 15 लोगों से लगभग 25 लाख रुपये की ठगी करना स्वीकार किया है।

पुलिस के मुताबिक प्रार्थी बोस्टो तांडी ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी संतराम यादव और आदित्य मोहन पंडा ने उसे शासकीय नौकरी लगाने का झांसा दिया। आरोपी आदित्य ने खुद को गृहमंत्री का निज सहायक बताते हुए प्रभावशाली लोगों से संपर्क होने का दावा किया और नौकरी लगवाने के नाम पर प्रार्थी से 70 हजार रुपये लिए। इसके बाद न तो नौकरी लगवाई और न ही रकम वापस की। आरोपियों द्वारा अन्य लोगों से भी इसी तरह नौकरी लगाने और स्थानांतरण कराने के नाम पर रकम लेने की जानकारी सामने आई।

शिकायत के आधार पर सिविल लाइन पुलिस ने अपराध क्रमांक 528/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 318(2), 319(2), 336(3), 340 और 3(5) के तहत जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने प्रार्थी और अन्य गवाहों से पूछताछ कर आरोपियों की जानकारी जुटाई।

इसके बाद पुलिस ने आदित्य मोहन पंडा (23), निवासी कमल विहार, रायपुर और संतराम यादव (38), निवासी हिमालया हाइट्स, देवपुरी, रायपुर को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने अब तक करीब 15 लोगों से नौकरी लगाने और स्थानांतरण कराने के नाम पर लगभग 25 लाख रुपये लेने की बात स्वीकार की है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर ठगी के शिकार अन्य लोगों और रकम के लेन-देन की जानकारी जुटा रही है।

Related Articles

Back to top button