छत्तीसगढ़

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया लोकार्पण-भूमिपूजन, सक्ती को 121.70 करोड़ के 38 विकास कार्यों की सौगात

सक्ती। केंद्रीय ग्रामीण विकास, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शुक्रवार को सक्ती जिले के ग्राम जेठा में आयोजित कार्यक्रम में जिले को 121 करोड़ 70 लाख रुपए से अधिक के 38 विकास कार्यों की सौगात दी। दोनों अतिथियों ने इन कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इनमें 79 करोड़ 25 लाख रुपए के 23 कार्यों का भूमिपूजन तथा 42 करोड़ 46 लाख रुपए के 15 कार्यों का लोकार्पण शामिल है।

इन विकास कार्यों से जिले में सड़क संपर्क के विस्तार के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, प्रशासनिक व्यवस्था और ग्रामीण अधोसंरचना को मजबूती मिलने की उम्मीद है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण और नागरिक उपस्थित रहे।

भूमिपूजन किए गए प्रमुख कार्यों में 25 करोड़ 82 लाख रुपए की लागत से देवरघटा, बरतुंगा, तुलसीडीह, अण्डा, चरौदा होते हुए सपिया नहरपार तक 22 किलोमीटर सड़क निर्माण शामिल है। इसी तरह 15 करोड़ 30 लाख रुपए की लागत से छुहीपाली से कटेकोनी बड़े-कर्राखई-ठाकुरपाली होते हुए सेमराडीह तक 12 किलोमीटर सड़क का चौड़ीकरण और नवीनीकरण किया जाएगा। अण्डी-किरकार-जगमहन से सातबहिनिया, नगझर-नवापारा तथा गुरेराडीह किरारी से केसला मुख्य मार्ग समेत अन्य सड़क परियोजनाओं की भी आधारशिला रखी गई।

शिक्षा-स्वास्थ्य पर भी जोर

शिक्षा के क्षेत्र में शासकीय कन्या महाविद्यालय सक्ती के नवीन भवन, बेदराम शासकीय महाविद्यालय मालखरौदा के अतिरिक्त भवन और नवीन आजीविका संस्थान भवन का भूमिपूजन किया गया। स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए विभिन्न ग्रामों में उप स्वास्थ्य केंद्र भवन और महिलाओं के लिए महतारी सदनों के निर्माण कार्य भी शुरू होंगे।

वहीं, लोकार्पित प्रमुख कार्यों में मालखरौदा क्षेत्र में 14 करोड़ 35 लाख रुपए की लागत से कलमी नहरपार से चिखली, छोटेकोट, बड़ेकोट, सिंघरा होते हुए बेल्हाडीह तक सड़क निर्माण शामिल है। 11 करोड़ 35 लाख रुपए की लागत से देवरघटा से कठरापाली, निमोही, सिंघीतराई, बेनीपाली होते हुए ओड़ेकेरा मुख्य मार्ग तक पुल-पुलिया सहित सड़क का निर्माण भी पूरा कर जनता को समर्पित किया गया। बुंदेली-अड़भार मार्ग का भी लोकार्पण हुआ।

पुलिस और प्रशासनिक भवन भी जनता को समर्पित

जल जीवन मिशन के तहत स्थापित सौर दोहरे पंप, चन्द्रपुर और हसौद के नवीन तहसील कार्यालय भवन, डभरा, चन्द्रपुर और जैजैपुर के नवीन पुलिस थाना भवन, अड़भार पुलिस चौकी भवन, सुलौनी हाईस्कूल भवन, गोपालपुर प्रशिक्षण भवन तथा गोबरा स्थित महतारी सदन समेत अन्य विकास कार्यों का भी लोकार्पण किया गया।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद कमलेश जांगड़े सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button