छत्तीसगढ़

रिसाली को 101 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की सौगात, पेयजल व्यवस्था के लिए 134 करोड़ रुपए की घोषणा

रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप छत्तीसगढ़ की डबल इंजन सरकार शहरों को आर्थिक विकास, उद्योग, व्यापार और रोजगार के सशक्त केंद्र के रूप में विकसित कर रही है। केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के माध्यम से नगरीय क्षेत्रों में आधुनिक अधोसंरचना और नागरिक सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री मंगलवार को दुर्ग जिले के नगर पालिक निगम रिसाली में आयोजित विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन समारोह को संबोधित कर रहे थे।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने रिसाली को 101 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी। साथ ही पेयजल व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण के लिए 134 करोड़ रुपए, निगम के सभी 40 वार्डों में नाली सुदृढ़ीकरण के लिए 2 करोड़ रुपए तथा नेवई और जोरातराई के मुक्तिधामों के उन्नयन के लिए 50-50 लाख रुपए देने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से गरीब परिवारों को पक्के मकान, अमृत मिशन से पेयजल एवं बुनियादी सुविधाएं, स्वच्छ भारत मिशन से स्वच्छता और पीएम स्वनिधि योजना से छोटे कारोबारियों को आर्थिक संबल मिल रहा है। वहीं पीएम ई-बस सेवा के माध्यम से पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने शहरों की बढ़ती जरूरतों को देखते हुए मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना प्रारंभ की है। इसके माध्यम से सड़क, पेयजल, जल निकासी, सार्वजनिक परिवहन और प्रकाश व्यवस्था जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य केवल निर्माण कार्य कराना नहीं, बल्कि नागरिकों के जीवन को सुविधाजनक और बेहतर बनाना है।

101 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन

मुख्यमंत्री ने बताया कि रिसाली नगर निगम क्षेत्र में 101 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी गई है। इनमें नगर निगम के 29 करोड़ 55 लाख रुपए की लागत के 22 कार्यों का भूमिपूजन तथा 39 करोड़ 56 लाख रुपए की लागत के दो कार्यों का लोकार्पण शामिल है। इसके अलावा लोक निर्माण विभाग के 28 करोड़ 6 लाख रुपए के एक कार्य तथा मुख्यमंत्री ग्राम सड़क एवं विकास योजना के तहत 3 करोड़ 84 लाख रुपए के चार कार्यों का भूमिपूजन किया गया।

उन्होंने बताया कि आजाद मार्केट से प्रगति नगर होते हुए मैत्री कुंज तक 10 करोड़ 84 लाख रुपए की लागत से नाला निर्माण किया जाएगा। वहीं डीपीएस चौक से जोहार चौक तक 5 करोड़ 59 लाख रुपए की लागत से सड़क का विकास होगा।

वार्ड क्रमांक 18 में लगभग 1 करोड़ 95 लाख रुपए की लागत से ओवरहेड टैंक बनाया जाएगा। मैत्री नगर में 1 करोड़ 65 लाख रुपए की लागत से उद्यान निर्माण, समतलीकरण, स्ट्रीट लाइट एवं हाईमास्ट लाइट लगाने के कार्य होंगे। तालपुरी और रूआबांधा में 98 लाख रुपए से अधिक, डुंडेरा पश्चिम में 77 लाख रुपए, नेवई भांठा एवं नेवई बस्ती पूर्व में 74 लाख रुपए तथा शक्ति विहार रिसाली में 67 लाख रुपए की लागत से विकास कार्य किए जाएंगे।

इसके अलावा छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय, नेवई भिलाई में लगभग 28 करोड़ 7 लाख रुपए की लागत से नए आवासीय भवन, बालक छात्रावास और वर्कशॉप भवन का निर्माण किया जाएगा।

रिसाली को मिलेगी बेहतर पेयजल और सार्वजनिक परिवहन सुविधा

मुख्यमंत्री ने दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर की मांग पर रिसाली में जल शुद्धिकरण एवं पेयजल व्यवस्था के लिए 134 करोड़ रुपए देने की घोषणा की। इसके साथ ही वार्ड क्रमांक 1 से 40 तक नालियों के सुदृढ़ीकरण के लिए 2 करोड़ रुपए तथा नेवई और जोरातराई के मुक्तिधामों के उन्नयन के लिए 50-50 लाख रुपए देने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में रिसाली नगर निगम क्षेत्र को पीएम ई-बस सेवा से भी जोड़ा जाएगा। इससे नागरिकों को सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध होगा।

किसानों, महिलाओं और गरीब परिवारों के लिए सरकार प्रतिबद्ध

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी को पूरा करते हुए राज्य सरकार ने बीते लगभग तीन वर्षों में जनकल्याण के कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। गरीब परिवारों के लिए 18 लाख आवासों की व्यवस्था की गई है, जिनमें से 12 लाख मकानों का निर्माण पूरा हो चुका है।

महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की लगभग 68 लाख महिलाओं को प्रतिमाह आर्थिक सहायता दी जा रही है। योजना की अब तक 33 किस्तें जारी की जा चुकी हैं।

उन्होंने कहा कि खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में 15 नवंबर से प्रदेश के लगभग 3100 धान उपार्जन केंद्रों में खरीदी प्रारंभ हो चुकी है। किसानों की सुविधा के लिए 360 नए धान खरीदी केंद्र भी शुरू किए गए हैं। राज्य में 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान खरीदा जा रहा है। सरकार ने यह भी निर्णय लिया है कि 21 क्विंटल से कम धान बेचने वाले किसानों को भी अंतर की आदान सहायता राशि प्रदान की जाएगी।

रिसाली के विकास में धन की कमी नहीं होगी : अरुण साव

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में सुशासन और विकास का नया अध्याय लिखा जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबका साथ, सबका विकास के मूलमंत्र के अनुरूप नगरीय क्षेत्रों में नागरिक सुविधाओं का लगातार विस्तार हो रहा है।

उन्होंने कहा कि रिसाली को 101 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों की सौगात मिली है। रिसाली नगर निगम क्षेत्र के विकास में धन की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी।

दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने स्वागत उद्बोधन में किसानों के हित में लिए गए निर्णयों और रिसाली को विकास कार्यों की सौगात देने के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।

95 हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत 95 हितग्राहियों को सहायता राशि के चेक, सामग्री, प्रशस्ति पत्र एवं अधिकार अभिलेख प्रदान किए गए। मुख्यमंत्री ने समाज कल्याण विभाग के हितग्राहियों चंचला दुर्गा और रघुनंदन ध्रुव को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, शिव प्रसाद को ट्राइसाइकिल, विकास कुमार को व्हीलचेयर तथा रोहिणी मानिकपुरी को श्रवण यंत्र प्रदान किया।

कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, सांसद विजय बघेल, विधायक रिकेश सेन, दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, दुर्ग महापौर अलका बाघमार, रिसाली महापौर शशि सिन्हा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button