छत्तीसगढ़

सांची स्टेशन पर दो दिन रुकेगी छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस, श्रद्धालुओं को मिलेगी सुविधा

रायपुर. सांची में आयोजित होने वाले 74वें चेटियागिरि विहार वर्षगांठ समारोह एवं पवित्र अवशेषों के प्रदर्शन में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलवे प्रशासन ने कोरबा-अमृतसर-बिलासपुर छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस का सांची रेलवे स्टेशन पर दो दिनों के लिए अस्थायी ठहराव देने का निर्णय लिया है।

रेलवे प्रशासन के अनुसार, सांची स्तूप परिसर में 29 एवं 30 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाले धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों को ध्यान में रखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे से संचालित गाड़ी संख्या 18237/18238 का पश्चिम मध्य रेलवे के सांची स्टेशन पर दो मिनट का अस्थायी ठहराव दिया जाएगा।

निर्धारित कार्यक्रम के तहत 27 एवं 28 नवंबर 2026 को कोरबा से रवाना होने वाली गाड़ी संख्या 18237 कोरबा-अमृतसर छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस सुबह 6:42 बजे सांची स्टेशन पहुंचेगी और दो मिनट रुकने के बाद 6:44 बजे रवाना होगी।

इसी प्रकार, 27 एवं 28 नवंबर को अमृतसर से रवाना होने वाली गाड़ी संख्या 18238 अमृतसर-बिलासपुर छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस शाम 5:14 बजे सांची स्टेशन पहुंचेगी तथा 5:16 बजे अपने गंतव्य की ओर रवाना होगी।

रेलवे प्रशासन की इस व्यवस्था से सांची स्तूप में आयोजित धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं एवं यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

Related Articles

Back to top button