किम जोंग उन ने ट्रंप को दिखाया ठेंगा! फोन कॉल को किया इग्नोर

वाशिंगटन। उत्तर कोरिया के सर्वोच्च नेता किम जोंग उन अमेरिका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप के फोन का जवाब नहीं दे रहे हैं। इस बात का खुलासा हुआ है मीडिया रिपोर्ट में। रिपोर्ट में कहा गया है कि उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के संपर्क करने के प्रयासों का कोई जवाब नहीं दिया है।
इधर, प्योंगयांग लगातार अपने परमाणु हथियारों के जखीरे का विस्तार कर रहा है। इसके साथ ही उत्तर कोरिया रूस के साथ अपने सैन्य संबंधों की मजबूती पर भी काम कर रहा है। ‘द वॉल स्ट्रीट जर्नल’ (WSJ) की रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार दोनों नेताओं के बीच संवाद नहीं हो पा रहा है।
रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप प्रशासन ने न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र स्थित उत्तर कोरिया के मिशन के जरिए किम तक चिट्ठी पहुंचाने की कोशिश की थी. अमेरिकी अधिकारियों ने उत्तर कोरियाई राजनयिक को रास्ते में रोककर चिट्ठी सौंपी. लेकिन बाद में उस राजनयिक ने संयुक्त राष्ट्र की एक बैठक में बिना खोले ही चिट्ठी अमेरिकी प्रतिनिधि के सामने रख दी.

अब तक कितनी बार मिले ट्रंप और किम?
ट्रंप और किम अपने पहले कार्यकाल में तीन बार मुलाकात कर चुके हैं. 2018 में सिंगापुर में दोनों नेताओं की पहली शिखर वार्ता हुई थी. इसके बाद 2019 में वियतनाम में बातचीत हुई, लेकिन परमाणु हथियारों को खत्म करने और प्रतिबंधों में राहत को लेकर सहमति नहीं बन सकी. उसी साल दोनों नेता कोरियाई सीमा पर भी मिले थे.
रूस के साथ बढ़ रही उत्तर कोरिया की नजदीकी
रिपोर्ट के मुताबिक, 2019 में ट्रंप से आखिरी मुलाकात के बाद उत्तर कोरिया का परमाणु जखीरा बढ़ा है. पहले उसके पास 20 से 30 परमाणु हथियार होने का अनुमान था, जो अब करीब 60 बताया जा रहा है. उत्तर कोरिया ने ठोस ईंधन वाली मिसाइलें भी विकसित की हैं, जिन्हें पहले से ईंधन भरकर मोबाइल लॉन्चर से दागा जा सकता है.
अमेरिका से बातचीत के लिए किम की भी अपनी शर्तें
रूस के साथ बढ़ते रिश्तों ने भी किम की ताकत बढ़ाई है. उत्तर कोरिया ने यूक्रेन युद्ध में रूस को रॉकेट और तोप के गोले भेजे हैं. बदले में रूस से उसे सैन्य और तकनीकी मदद मिलने की बात सामने आई है. दोनों देशों ने आपसी रक्षा समझौता भी किया है. अब किम अमेरिका से उत्तर कोरिया को परमाणु ताकत के रूप में मान्यता देने की मांग कर रहे हैं. उनका कहना है कि अमेरिका परमाणु कार्यक्रम स्वीकार करे तो शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व संभव है, वरना टकराव जारी रहेगा.



