वैभव सूर्यवंशी ने तोड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड, 28 गेंदों पर ठोकी तूफानी सेंचुरी, 14 गगनचुंबी छक्के भी जड़े

महज 15 साल की उम्र में वैभव सूर्यवंशी ने वो कारनामा कर दिखाया है, जिसके लिए बड़े-बड़े दिग्गज बल्लेबाज तरसते हैं। अपने बल्ले से लगातार धमाका कर रहे इस युवा भारतीय बल्लेबाज ने अब वर्ल्ड क्रिकेट में एक नया इतिहास रच दिया है। वैभव ने लिस्ट-A क्रिकेट में सबसे तेज शतक लगाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। उन्होंने UAE के खिलाफ महज 28 गेंदों में शतक पूरा करके ऑस्ट्रेलिया के जेक फ्रेजर-मैकगर्क का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ दिया।
वैभव ने सिर्फ 16 गेंद में फिफ्टी पूरी कर ली थी. उनके साथ ओपनिंग पर उतरे अभिषेक शर्मा फ्लॉप रहे. अभिषेक ने सिर्फ 12 रन बनाए. एक तरफ कुछ विकेट गिरे, लेकिन वैभव ने अपना आक्रमण जारी रखा. वैभव ने एक बार फिर बता दिया वह सदियों में आने वाले खिलाड़ियों में से एक हैं. 15 साल की उम्र में वह अब तक दुनिया को कई बार अपनी ऐसी पारियों से हैरान कर चुके हैं.

सबसे तेज लिस्ट-ए शतक
28 गेंदें – वैभव सूर्यवंशी – भारत बनाम यूएई, 2026*
29 गेंदें – जेक फ्रेज़र-मैकगर्क – दक्षिण ऑस्ट्रेलिया बनाम तस्मानिया, 2023
31 गेंदें – एबी डिविलियर्स – दक्षिण अफ्रीका बनाम वेस्टइंडीज, 2015
32 गेंदें – सकीबुल गनी – बिहार बनाम अरुणाचल प्रदेश, 2025
सबसे तेज लिस्ट ए शतकों की कहानी
वैभव सूर्यवंशी के इस 28 गेंदों के शतक से पहले यह रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के युवा धुरंधर जेक फ्रेजर-मैकगर्क के नाम था. फ्रेजर-मैकगर्क ने 2023 में एडिलेड में साउथ ऑस्ट्रेलिया की ओर से खेलते हुए तस्मानिया के खिलाफ महज 29 गेंदों में शतक जड़कर सनसनी मचाई थी. अब वैभव ने उनसे एक गेंद कम यानी 28 गेंदों में शतक बनाकर पहले स्थान पर कब्जा जमा लिया है.
इस सूची में तीसरे स्थान पर दक्षिण अफ्रीका के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज एबी डिविलियर्स का नाम आता है. मिस्टर 360 के नाम से मशहूर डिविलियर्स ने 2015 में जोहान्सबर्ग में वेस्टइंडीज के खिलाफ सिर्फ 31 गेंदों में शतक पूरा किया था, जिसे लंबे समय तक बेजोड़ माना जाता रहा. अब वैभव और फ्रेजर-मैकगर्क दोनों ही इस ऐतिहासिक सूची में डिविलियर्स से आगे निकल चुके हैं.
चौथे और पांचवें पायदान पर भारतीय बल्लेबाजों का दबदबा दिखाई देता है. साकिबुल गनी ने 2025 में रांची में बिहार की ओर से खेलते हुए अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ महज 32 गेंदों में शतक जड़कर चौथा सबसे तेज लिस्ट ए शतक अपने नाम किया था. उनके ठीक बाद ईशान किशन का नंबर आता है, जिन्होंने 2025 में अहमदाबाद में झारखंड के लिए खेलते हुए कर्नाटक के खिलाफ 33 गेंदों में शतक बनाकर पांचवां स्थान हासिल किया था.
बेखौफ अंदाज और भविष्य की उम्मीद
28 गेंदों में शतक जड़ने की यह उपलब्धि दिखाती है कि आधुनिक क्रिकेट में आक्रामक सोच किस स्तर पर पहुंच चुकी है. वैभव सूर्यवंशी ने जिस निडरता और ताकत के साथ शॉट्स खेले, उसने यह साबित कर दिया कि वह बड़े मंच पर भी विपक्षी आक्रमण को ध्वस्त करने का माद्दा रखते हैं.



