मुंबई से रायपुर गांजा लेकर पहुंची महिला तस्कर गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी रायपुर में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुंबई की एक महिला को 12 किलोग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे समेत अन्य कुल जुमले की कीमत करीब 6 लाख रुपये आंकी गई है। गिरफ्तार महिला की पहचान सोनाली मोटे (42 वर्ष), निवासी मुंबई, महाराष्ट्र के रूप में हुई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 23 नवंबर 2026 को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीम को सूचना मिली थी कि डीडी नगर थाना क्षेत्र के सरोना रेलवे स्टेशन प्लेटफॉर्म के पास एक महिला गांजा लेकर कहीं जाने की फिराक में है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) रॉबिन्सन गुरिया ने अधीनस्थ अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट एवं थाना डीडी नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर मुखबिर के बताए हुलिए के आधार पर महिला की पहचान कर उसे घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ में महिला ने अपना नाम सोनाली मोटे निवासी मुंबई, महाराष्ट्र बताया। पुलिस टीम ने उसके पास रखे बैग की तलाशी ली, जिसमें गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने महिला के कब्जे से कुल 12 किलोग्राम गांजा जब्त किया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 6 लाख रुपये बताई गई है। आरोपी महिला के विरुद्ध थाना डीडी नगर में अपराध क्रमांक 730/26, धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अब आरोपी महिला से पूछताछ कर गांजे की तस्करी से जुड़े फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज का पता लगा रही है। पुलिस का कहना है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान कर तस्करी के पूरे नेटवर्क पर एंड-टू-एंड कार्रवाई की जाएगी।



