छत्तीसगढ़

RDA Online Booking : आरडीए की संपत्तियों की बुकिंग अब पूरी तरह ऑनलाइन, घर बैठे करें आवेदन और भुगतान

रायपुर विकास प्राधिकरण की संपत्तियां खरीदने के इच्छुक लोगों के लिए अच्छी खबर है। अब रायपुर विकास प्राधिकरण (RDA Online Booking) ने अपनी आवासीय और व्यावसायिक संपत्तियों की बुकिंग प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन कर दी है। नई व्यवस्था के तहत अब नागरिक बिना कार्यालय गए घर बैठे ही ऑनलाइन आवेदन, बुकिंग और मेंटेनेंस शुल्क का भुगतान कर सकेंगे।

प्राधिकरण ने पहले चरण में करीब 121 आवासीय और व्यावसायिक संपत्तियों को ऑनलाइन पोर्टल पर उपलब्ध कराया है। इनमें कमल विहार (Kamal Vihar) और रावभाटा (Raobhata) की प्रमुख परियोजनाओं की संपत्तियां शामिल हैं। कमल विहार में आवासीय फ्लैट, आवासीय और व्यावसायिक भूखंड उपलब्ध हैं, जबकि रावभाटा में व्यावसायिक संपत्तियों की ऑनलाइन बुकिंग शुरू की गई है।

सभी वर्गों के लिए उपलब्ध कराई गई हैं संपत्तियां

प्राधिकरण ने आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) और निम्न आय वर्ग (एलआईजी) के हितग्राहियों के लिए भी आवासीय संपत्तियों का निर्माण किया है। इसका उद्देश्य प्रत्येक वर्ग के नागरिकों को उनकी जरूरत और आर्थिक क्षमता के अनुसार आवास उपलब्ध कराना है।

अब ऑनलाइन जमा होगा मेंटेनेंस शुल्क

नई डिजिटल व्यवस्था के तहत हितग्राही केवल संपत्ति की बुकिंग ही नहीं, बल्कि मेंटेनेंस शुल्क (Maintenance Fee) का भुगतान भी ऑनलाइन कर सकेंगे। इससे लोगों को बार-बार कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और पूरी प्रक्रिया अधिक आसान, पारदर्शी तथा समयबद्ध होगी।

पारदर्शिता और सुविधा बढ़ाने की पहल

रायपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष नंदे साहू ने कहा कि प्राधिकरण का उद्देश्य नागरिकों को आधुनिक, पारदर्शी और जनहितैषी सेवाएं उपलब्ध कराना है। ऑनलाइन बुकिंग व्यवस्था से समय की बचत होगी, प्रक्रिया सरल बनेगी और संपत्तियों के आवंटन में पारदर्शिता सुनिश्चित होगी। डिजिटल भुगतान से लोगों को त्वरित सेवाओं का लाभ मिलेगा।

लंबे समय बाद शुरू हुई बुकिंग प्रक्रिया

प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अवनीश कुमार शरण ने बताया कि काफी समय से संपत्तियों की बुकिंग प्रक्रिया बंद थी। अब उपलब्ध सभी संपत्तियों को एक साथ ऑनलाइन पोर्टल पर लाइव कर दिया गया है। इससे नागरिक बिना किसी परेशानी के ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में प्राधिकरण की अधिक से अधिक सेवाओं का डिजिटलीकरण किया जाएगा, ताकि नागरिकों को सरल और पारदर्शी सेवाएं मिल सकें। ऑनलाइन बुकिंग, डिजिटल भुगतान और पारदर्शी प्रक्रिया के साथ रायपुर विकास प्राधिकरण की यह पहल डिजिटल प्रशासन को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Related Articles

Back to top button