Rajnandgaon Accident : खेलने निकले तीन मासूम वापस नहीं लौटे, पानी से भरे गड्ढे ने एक साथ निगल ली तीन जिंदगियां
राजनांदगांव जिले के एक गांव में बुधवार की शाम उस समय मातम (Rajnandgaon Accident ) में बदल गई, जब खेलते हुए घर से निकले तीन बच्चों का देर रात तक कोई पता नहीं चला। परिजनों ने पहले आसपास तलाश की, फिर पूरे गांव में खोजबीन शुरू हुई। कुछ घंटों बाद जो खबर सामने आई, उसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया।
गांव में बारिश के पानी से भरे एक गहरे गड्ढे से तीनों बच्चों के शव मिलने के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। इस हादसे में दो सगे भाइयों समेत तीन मासूमों की जान चली गई। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी नाराजगी भी देखने को मिली।
देर रात गड्ढे से मिले तीनों बच्चों के शव Rajnandgaon Accident
पुलिस के अनुसार हादसा डोंगरगढ़ विकासखंड के बोरतलाव क्षेत्र स्थित गांधीनगर गांव में हुआ। बुधवार दोपहर चार वर्षीय एक बच्चा और आठ आठ वर्ष के दो सगे भाई घर से खेलने के लिए निकले थे। देर शाम तक उनके वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद गांव में ही बारिश के पानी से भरे गहरे गड्ढे से तीनों के शव बरामद किए गए।
बारिश का पानी बना हादसे की वजह
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि कुछ महीने पहले इस स्थान से मिट्टी निकाली गई थी, जिससे वहां गहरा गड्ढा बन गया था। हाल की बारिश में उसमें काफी पानी भर गया। आशंका है कि खेलते समय बच्चे गड्ढे के पास पहुंचे और पानी में डूब गए।
पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव Rajnandgaon Accident
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डोंगरगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
ग्रामीणों ने लापरवाही का लगाया आरोप
हादसे के बाद गांव के लोगों में गहरा आक्रोश (Rajnandgaon Accident) है। ग्रामीणों का कहना है कि मिट्टी निकालने के बाद गड्ढे को खुला छोड़ दिया गया था और वहां किसी तरह के सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए। उनका आरोप है कि इसी लापरवाही के कारण तीन मासूमों की जान चली गई। ग्रामीणों ने जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।



