Rain Alert : मानसून ने पकड़ी रफ्तार, कई राज्यों में भारी बारिश का खतरा, मौसम विभाग ने जारी किया बड़ा अलर्ट
देश के कई हिस्सों में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय (Rain Alert) हो गया है। लगातार बढ़ती बारिश ने जहां गर्मी से राहत दी है, वहीं कई राज्यों में भारी वर्षा को लेकर चिंता भी बढ़ गई है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के लिए कई इलाकों में सतर्क रहने की सलाह दी है।
मानसून की तेज रफ्तार के बीच कई राज्यों में बारिश का दौर और तेज होने की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही किसानों, यात्रियों और आम लोगों को मौसम की ताजा जानकारी पर नजर रखने की सलाह दी गई है।
अगले 4 से 5 दिन भारी बारिश के आसार Rain Alert
भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार अगले चार से पांच दिनों तक मध्य भारत सहित कई क्षेत्रों में अच्छी बारिश जारी रहेगी। 6 जुलाई तक पश्चिम मध्य प्रदेश, ओडिशा, दक्षिण गुजरात, कोंकण और मध्य महाराष्ट्र के कई इलाकों में बहुत भारी से अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने बताया कि गुजरात, मध्य प्रदेश और हरियाणा के कुछ हिस्सों में मानसून आगे बढ़ चुका है। वहीं पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के शेष क्षेत्रों में भी इसके आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं।
इन राज्यों में सबसे ज्यादा असर
4 जुलाई को पश्चिम मध्य प्रदेश में कई स्थानों पर भारी से अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा छत्तीसगढ़, विदर्भ और पूर्वी मध्य प्रदेश में भी अच्छी वर्षा का दौर जारी रहने (Rain Alert) का अनुमान है। पूर्वी भारत में ओडिशा, झारखंड, बिहार, गंगीय पश्चिम बंगाल और उप हिमालयी पश्चिम बंगाल तथा सिक्किम में भी गरज चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।
पश्चिम और दक्षिण भारत में भी अलर्ट
दक्षिण गुजरात, कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र और सौराष्ट्र कच्छ में भी तेज बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है। इन क्षेत्रों के निचले इलाकों में जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति बनने की आशंका जताई गई है।
दक्षिण भारत में केरल, तटीय कर्नाटक, आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और लक्षद्वीप में भी बारिश जारी रहने का अनुमान है। कई जगहों पर 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
दिल्ली और उत्तर भारत का मौसम
दिल्ली एनसीआर में दिनभर बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। गरज चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तथा झोंकों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में भी बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान (Rain Alert) है। पूर्वी राजस्थान में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश हो सकती है।
किसानों के लिए मौसम विभाग की सलाह
मौसम विभाग ने किसानों से कहा है कि भारी बारिश वाले क्षेत्रों में खेतों से अतिरिक्त पानी निकालने की व्यवस्था रखें। कटाई के बाद की उपज को खुले में न छोड़ें और सुरक्षित स्थान पर रखें।
धान की नर्सरी, सब्जियों और बागवानी फसलों में जलभराव नहीं होने दें। तेज हवा वाले क्षेत्रों में केले, पपीते और अन्य फलदार पौधों को सहारा दें तथा पशुओं को सुरक्षित स्थान पर रखें। जिन जिलों में अत्यधिक वर्षा की चेतावनी जारी है, वहां मौसम सामान्य होने तक नई बुवाई और अन्य कृषि कार्य टालने की सलाह दी गई है।



