NH road protest: जर्जर सड़कों और घटिया पैचवर्क से नाराज सामाजिक कार्यकर्ताओं ने एनएच कार्यालय का किया घेराव

- बरसात बाद सड़क निर्माण शुरू कराने का मिला था आश्वासन
- अब टेंडर निरस्त होने की जानकारी से बढ़ी नाराजगी
- मैनुअल पैचवर्क से सड़कें समतल नहीं होने का भी आरोप
अम्बिकापुर/नवप्रदेश। शहर की जर्जर राष्ट्रीय राजमार्ग सड़कों (NH road protest) की बदहाली और मरम्मत कार्य में कथित लापरवाही को लेकर सामाजिक कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सवाल उठाया कि जब सड़कों के निर्माण के लिए टेंडर होने की बात कही गई थी तो अब तक काम क्यों शुरू नहीं हुआ। उन्होंने पैचवर्क की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि मरम्मत के नाम पर किए जा रहे काम से सड़कों की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हो रहा है।
सामाजिक कार्यकर्ता अंकुर सिन्हा के नेतृत्व में सड़क की बदहाली को लेकर पहले भी कई बार आंदोलन किए जा चुके हैं। बारिश के दौरान कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर बने गड्ढों में भरे पानी में नहाकर और कीचड़ में प्रदर्शन कर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया था। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल के बंगले का घेराव भी किया गया था। उस दौरान मंत्री, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की ओर से आश्वासन दिया गया था कि बारिश समाप्त होने के बाद सड़कों का निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा। साथ ही टेंडर प्रक्रिया पूरी होने की बात भी कही गई थी।
बारिश समाप्त होने के बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं होने से कार्यकर्ताओं में नाराजगी बढ़ गई है। उनका कहना है कि फिलहाल कुछ स्थानों पर पैचवर्क कराया जा रहा है, लेकिन उसकी गुणवत्ता और तकनीक पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। प्रदर्शनकारियों के मुताबिक, डामर बिछाने वाली मशीनों का इस्तेमाल करने के बजाय कई जगह मैनुअल तरीके से डामर डालकर रोलर चला दिया जाता है। इससे सड़क का समतलीकरण ठीक से नहीं हो पा रहा है और मरम्मत के बाद भी सड़क ऊबड़-खाबड़ बनी रह जाती है। ऐसे पैचवर्क से वाहन चालकों को राहत मिलने के बजाय परेशानी बनी हुई है।
शुक्रवार को एनएच कार्यालय में प्रदर्शन की सूचना पर प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे, लेकिन विभागीय अधिकारी कार्यालय में मौजूद नहीं थे। कर्मचारियों ने बताया कि अधिकारी बैठक के सिलसिले में रायपुर गए हुए हैं। इसके बाद अंकुर सिन्हा ने फोन पर अधिकारियों से चर्चा की, लेकिन सड़क निर्माण को लेकर उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिल सका।
प्रदर्शन में शामिल डॉ. योगेंद्र सिंह गहरवार ने बताया कि तकनीकी कारणों से सड़क निर्माण का टेंडर निरस्त हो गया है और अब दोबारा टेंडर की प्रक्रिया की जाएगी। उन्होंने कहा कि पहले लगातार बारिश के बाद काम शुरू कराने का आश्वासन दिया गया, लेकिन अब नई टेंडर प्रक्रिया की बात सामने आ रही है। ऐसे में आशंका है कि सड़क निर्माण का काम अगले बरसात तक भी शुरू नहीं हो पाएगा।
शहर की खरसिया रोड, मनेन्द्रगढ़ रोड और रामानुजगंज रोड की स्थिति लंबे समय से खराब है। वहीं भारत माता चौक से दरिमा मोड़ तक सड़क पर उड़ती धूल से राहगीरों और आसपास के रहवासियों को परेशानी हो रही है। खराब सड़कों के कारण दुर्घटनाओं का खतरा भी बना हुआ है।
एनएच के एसडीओ ने दी जानकारी
एनएच विभाग के अधिकारी बीआर भगत ने बताया कि मनेन्द्रगढ़ मार्ग और खरसिया मार्ग का काम विभाग को कराना है। हालांकि, निर्माण कार्य शुरू होने की समय-सीमा और आगे की प्रक्रिया को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी। इधर, सामाजिक कार्यकर्ताओं ने मांग की है कि टेंडर प्रक्रिया में हो रही देरी दूर कर सड़कों का गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराया जाए। साथ ही पैचवर्क में उचित मशीनों का इस्तेमाल कर सड़क का समुचित समतलीकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को जर्जर सड़कों से राहत मिल सके।



