Dhamtari ED Raid: धमतरी में ED की दस्तक से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप, अपर कलेक्टर के निवास पर छापेमारी

दो वाहनों में पहुंची करीब 10 अधिकारियों की टीम
सुरक्षा के लिए CRPF के जवान भी रहे तैनात
आबकारी घोटाले से जुड़े मामले में जांच की चर्चा
धमतरी/नवप्रदेश। जिले में शुक्रवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ED) (Dhamtari ED Raid) की अचानक हुई कार्रवाई से प्रशासनिक महकमे में हलचल मच गई। ED की टीम ने रुद्री रोड स्थित कलेक्टर कॉलोनी में अपर कलेक्टर के निवास पर दबिश दी। सुबह-सुबह केंद्रीय जांच एजेंसी की टीम पहुंचने की खबर से पूरे प्रशासनिक क्षेत्र में चर्चाओं का माहौल बन गया।
मिली जानकारी के अनुसार, ED के अधिकारी (Dhamtari ED Raid) दो वाहनों में मौके पर पहुंचे थे। टीम में करीब 10 अधिकारी शामिल बताए जा रहे हैं। कार्रवाई की गंभीरता को देखते हुए मौके पर CRPF के जवानों की भी तैनाती की गई। टीम द्वारा संबंधित अधिकारी से पूछताछ किए जाने के साथ आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है।
बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित आबकारी घोटाले से जुड़े मामले के सिलसिले में की गई है। इस प्रकरण में अपर कलेक्टर के पति का नाम भी चर्चा में बताया जा रहा है। हालांकि, जांच एजेंसी की ओर से अब तक कार्रवाई के कारणों और जांच से जुड़े तथ्यों को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
ED की टीम की मौजूदगी सुबह से ही चर्चा का विषय बनी हुई है। प्रशासनिक अधिकारियों के निवास पर जांच एजेंसी की इस कार्रवाई को लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। फिलहाल जांच और पूछताछ का दौर जारी है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि जांच पूरी होने के बाद ED की ओर से क्या तथ्य सामने रखे जाते हैं और इस कार्रवाई से जुड़े मामले में आगे क्या खुलासे होते हैं।



