छत्तीसगढ़

रायपुर में ऑटो-ई रिक्शा पर QR कोड लगाने का दूसरा चरण शुरू, 2,241 वाहनों में होगी कार्रवाई

रायपुर. राजधानी में यातायात व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित बनाने के साथ यात्रियों की सुरक्षा एवं सुविधा को ध्यान में रखते हुए रायपुर कमिश्नरेट यातायात पुलिस ने ऑटो एवं ई-रिक्शा में QR कोड लगाने का द्वितीय चरण शुरू कर दिया है। इस चरण में शेष रह गए और नए खरीदे गए कुल 2,241 ऑटो एवं ई-रिक्शा में QR कोड चस्पा किए जाएंगे।

पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के मार्गदर्शन एवं डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा के निर्देशन में इस अभियान का पहला चरण पिछले माह चलाया गया था। इसके तहत रायपुर शहर में संचालित कुल 15,047 ऑटो एवं ई-रिक्शा का पंजीयन कर उनमें QR कोड लगाए गए थे।

प्रथम चरण के बाद शेष रह गए तथा नए खरीदे गए ऑटो एवं ई-रिक्शा का दोबारा पंजीयन किया गया। इसके बाद 27 नवंबर 2026 से दूसरे चरण की शुरुआत की गई। अभियान का शुभारंभ डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा ने किया। इस दौरान एडिशनल डीसीपी ट्रैफिक राम कुमार बर्मन एवं सहायक पुलिस आयुक्त सतीश ठाकुर भी उपस्थित रहे।

QR कोड स्कैन करते ही मिलेगी चालक और वाहन की जानकारी

यातायात पुलिस की इस पहल का मुख्य उद्देश्य ऑटो एवं ई-रिक्शा में सफर करने वाले यात्रियों को सुरक्षा प्रदान करना है। वाहन में चस्पा QR कोड को मोबाइल से स्कैन करने पर संबंधित वाहन, वाहन मालिक और चालक की जानकारी प्राप्त हो सकेगी। इससे यात्रियों को वाहन एवं चालक की पहचान करने में आसानी होगी और जरूरत पड़ने पर संबंधित जानकारी भी उपलब्ध रहेगी।

सभी यातायात थाना क्षेत्रों में लगाए जाएंगे QR कोड

द्वितीय चरण के तहत रायपुर कमिश्नरेट के सभी यातायात थाना क्षेत्रों में शेष एवं नए पंजीकृत ऑटो-ई रिक्शा में QR कोड लगाने की कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए संबंधित यातायात थानों को QR कोड उपलब्ध कराए जाएंगे।

यातायात पुलिस द्वारा पंजीकृत ऑटो एवं ई-रिक्शा चालकों को फोन के माध्यम से सूचना दी जाएगी। सूचना मिलने पर चालकों को अपने वाहन सहित संबंधित यातायात थाने पहुंचना होगा, जहां पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी वाहनों में QR कोड चस्पा करेंगे।

यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ने सभी ऑटो एवं ई-रिक्शा चालकों से अपील की है कि वे यातायात थाने से मिलने वाली सूचना के अनुसार निर्धारित समय पर अपने वाहन के साथ उपस्थित होकर QR कोड लगवाएं और यात्रियों की सुरक्षा एवं सुविधा के लिए चलाए जा रहे इस अभियान में पुलिस का सहयोग करें।

Related Articles

Back to top button