खेल एरिना स्पोर्ट्स शोरूम में चोरी का पुलिस ने किया खुलासा, 24 घंटे में तीन अपचारी बालक पकड़े गए

रायपुर। राजधानी रायपुर के थाना पंडरी क्षेत्र स्थित लोधीपारा चौक के खेल एरिना स्पोर्ट्स शोरूम में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। मामले में पुलिस ने तीन अपचारी बालकों को धमतरी और नागपुर से पकड़ा है। उनके कब्जे एवं निशानदेही पर चोरी की गई रकम में से 2 लाख 52 हजार 700 रुपये नकद और दुकान से ले जाया गया POI Power Switch बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, शोरूम संचालक ऐश्वर्य मार्या ने 24 नवंबर 2026 की रात करीब 9:30 बजे दुकान बंद कर शटर में ताला लगाया था। अगले दिन 25 नवंबर की सुबह करीब 10 बजे दुकान खोलने पर शटर का ताला खुला मिला। दुकान के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों की दिशा भी बदली हुई थी। जांच करने पर गल्ले में रखे 2 लाख 56 हजार 163 रुपये और एक POI Power Switch गायब मिला।

घटना की जांच के दौरान पुलिस ने दुकान और आसपास के प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में रात करीब 2 बजे लाल रंग की हुडी पहने और चेहरा ढके एक संदिग्ध व्यक्ति को दुकान में प्रवेश करते देखा गया। संदिग्ध ने पहले सीसीटीवी कैमरों की दिशा बदली और इसके बाद गल्ले में रखी नकदी तथा POI Power Switch लेकर फरार हो गया। बताया गया कि आरोपी POI Power Switch को सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर समझकर अपने साथ ले गए थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी नॉर्थ जोन श्रीमती दीपमाला कश्यप के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम गठित की गई। एडीसीपी आदित्य पांडे एवं एसीपी पंडरी कृष्ण कुमार चंद्राकर के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक परेश पांडे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की।
जांच में सामने आया कि घटना के बाद तीनों अपचारी बालक अलग-अलग स्थानों पर चले गए थे। पुलिस टीम ने लगातार पतासाजी और समन्वित कार्रवाई करते हुए धमतरी एवं नागपुर में दबिश दी और तीनों को पकड़ने में सफलता हासिल की।
आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई 2 लाख 56 हजार 163 रुपये की कुल रकम में से 2 लाख 52 हजार 700 रुपये बरामद किए गए। इसके अलावा डीवीआर समझकर ले जाया गया POI Power Switch भी जब्त किया गया है।



