छत्तीसगढ़

Bemetara Bird Sanctuary: हजारों किमी उड़कर आए विदेशी मेहमान, गिधवा-परसदा में रौनक

  • रायपुर से पहुंची बर्ड फोटोग्राफरों की टीम ने कैमरे में कैद की तीन दुर्लभ प्रजातियां
  • नवंबर से फरवरी तक पर्यटकों का लगेगा मेला
  • बेमेतरा/नवप्रदेश। सर्दियों की शुरुआत के साथ ही गिधवा-परसदा के जलाशय एक बार फिर विदेशी परिंदों (Bemetara Bird Sanctuary) की पसंदीदा पनाहगाह बन गए हैं। हजारों किलोमीटर का लंबा सफर तय कर अलग-अलग देशों और क्षेत्रों से पहुंचे प्रवासी पक्षियों की मौजूदगी ने यहां की आबोहवा में नई रौनक भर दी है। पानी में अठखेलियां करते और आसमान में झुंड बनाकर उड़ते इन रंग-बिरंगे मेहमानों को निहारने के लिए पर्यटकों और पक्षी प्रेमियों की आवाजाही भी बढ़ने लगी है। इसी बीच रायपुर से पहुंची बर्ड फोटोग्राफरों की टीम ने यहां तीन दुर्लभ प्रजातियों को अपने कैमरों में कैद किया है, जिससे पक्षी प्रेमियों का उत्साह और बढ़ गया है।

पक्षी मित्र जयंत जायसवाल ने बताया कि रायपुर से हिरेंद्र पटेल, डॉ. प्रांजित राउत एवं समर्थ राउत गिधवा-परसदा, नगधा पहुंचे। टीम ने यहां के जलाशयों और प्रवासी पक्षियों की मनमोहक तस्वीरें कैमरे में कैद कीं और बर्ड फोटोग्राफी का आनंद लिया। इस बार यहां तीन खास प्रजातियां एक साथ देखी जा रही हैं, जो पक्षी प्रेमियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।

रेड-क्रेस्टेड पोचार्ड: सुनहरे-नारंगी फूले हुए सिर, लाल चोंच और काली छाती वाला यह पक्षी सबसे आकर्षक दिखता है। यह मध्य एशिया, दक्षिणी रूस, साइबेरिया और यूरोप से हजारों किलोमीटर की उड़ान भरकर आता है। बड़ी झीलों और जलाशयों में झुंड में रहता है और डुबकी लगाकर जलीय पौधे और छोटे जीव खाता है।


ग्रीन-विंग्ड टील – भारत में आने वाली सबसे छोटी बत्तखों में से एक। नर के सिर पर भूरी-लाल रंग पर हरी चमकदार पट्टी इसकी पहचान है। यह उत्तरी यूरोप, साइबेरिया, मंगोलिया और चीन से आती है। उथले तालाबों और धान के खेतों में सैकड़ों के झुंड में दिखती है और इसकी उड़ान बहुत तेज व फुर्तीली होती है।


ग्लॉसी आइबिस – दूर से काला दिखने वाला यह पक्षी धूप में हरे, बैंगनी और तांबे जैसे रंगों में चमकता है। लंबी, नीचे की ओर मुड़ी हुई चोंच से कीचड़ में कीड़े, घोंघे और छोटी मछली ढूंढता है। यह मध्य एशिया, यूरोप, अफ्रीका और ईरान से आता है और दलदली इलाकों व धान के खेतों में झुंड में रहता है।


स्पॉटेड रेडशैंक – इसके अलावा जलाशय के किनारे स्पॉटेड रेडशैंक जैसे प्रवासी पक्षी भी देखे जा रहे हैं, जो पर्यटकों को खूब भा रहे हैं। विशेषज्ञों के अनुसार ये पक्षी अक्टूबर-नवंबर में भारत पहुंचते हैं और मार्च तक यहां रुकते हैं। इनका आना इस बात का संकेत है कि गिधवा-परसदा के जलाशयों का पर्यावरण अभी स्वस्थ है।


स्थानीय लोगों ने बताया कि हर साल नवंबर से फरवरी के बीच यहां बड़ी संख्या में पक्षी प्रेमी, फोटोग्राफर और पर्यटक पहुंचते हैं। पक्षी प्रेमियों ने अपील की है कि पक्षियों को परेशान न करें, शोर न मचाएं और जलाशयों के आसपास गंदगी न फैलाएं, ताकि ये विदेशी मेहमान हर साल यहां आते रहें।

Related Articles

Back to top button