छत्तीसगढ़

अमृत भारत स्टेशन योजना: आधुनिक सुविधाओं के साथ मनमोहक पौधों से खूबसूरती बिखेर रहा बालोद रेलवे स्टेशन

रायपुर.  भारतीय रेलवे की महत्वाकांक्षी अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर रेल मंडल के बालोद रेलवे स्टेशन को आधुनिक एवं आकर्षक स्वरूप प्रदान किया गया है। लगभग 6 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकसित यह स्टेशन अब आधुनिक यात्री सुविधाओं, आकर्षक संरचनाओं, स्थानीय कला-संस्कृति पर आधारित भित्ति चित्रों तथा मनमोहक पौधों एवं हरियाली से अपनी सुंदरता बिखेर रहा है। स्टेशन परिसर में विकसित हरित एवं सुव्यवस्थित वातावरण यात्रियों को सुखद अनुभूति प्रदान कर रहा है।

तांदुला नदी के तट पर स्थित बालोद रेलवे स्टेशन दुर्ग-दल्लीराजहरा रेलखंड का एक महत्वपूर्ण स्टेशन है। स्टेशन के पुनर्विकास के दौरान यात्रियों की सुविधा के साथ-साथ इसके सौंदर्यीकरण पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। परिसर में आकर्षक ढंग से लगाए गए पौधे, हरित क्षेत्र और सुंदर भित्ति चित्र स्टेशन को एक नई पहचान दे रहे हैं। आधुनिकता और प्राकृतिक सुंदरता का यह समन्वय बालोद स्टेशन को यात्रियों के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा है।

अमृत भारत स्टेशन योजना का उद्देश्य रेलवे स्टेशनों को आधुनिक यात्री सुविधाओं, बेहतर आधारभूत संरचना, नवीन तकनीक एवं आकर्षक सौंदर्यीकरण के साथ भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित करना है। इसी दिशा में बालोद स्टेशन पर नए आधुनिक कॉनकोर्स, बेहतर स्टेशन भवन, विस्तृत सर्कुलेटिंग एरिया, आकर्षक प्रवेश एवं निकास द्वार, व्यवस्थित प्रतीक्षालय तथा अन्य यात्री सुविधाओं का विकास किया गया है।

बालोद रेलवे स्टेशन पर विकसित प्रमुख सुविधाएं

आधुनिक कॉनकोर्स: यात्रियों के प्रतीक्षा एवं आवागमन के लिए लगभग 340 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में आधुनिक कॉनकोर्स का निर्माण किया गया है।

विस्तृत सर्कुलेटिंग एरिया: स्टेशन के बाहरी परिसर में लगभग 4,235 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में सर्कुलेटिंग एरिया विकसित किया गया है, जिससे यात्रियों एवं वाहनों की आवाजाही अधिक सुगम और व्यवस्थित हुई है।

आकर्षक प्रवेश एवं निकास द्वार: यात्रियों की सुविधा एवं भीड़ प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए नए प्रवेश एवं निकास द्वार विकसित किए गए हैं।

प्लेटफॉर्म का आधुनिकीकरण: लगभग 1,317 वर्ग मीटर प्लेटफॉर्म सतह का नवीनीकरण एवं समतलीकरण किया गया है, जिससे यात्रियों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक आवागमन की सुविधा मिलेगी।

प्लेटफॉर्म शेल्टर: यात्रियों को धूप एवं बारिश से बचाने के लिए प्लेटफॉर्म पर अतिरिक्त शेल्टर की व्यवस्था की गई है।

दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएं: स्टेशन पर रैंप एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं का विकास किया गया है, जिससे दिव्यांगजन एवं वरिष्ठ नागरिकों को आवागमन में आसानी होगी।

स्थानीय कला एवं संस्कृति का सौंदर्यीकरण: स्टेशन की दीवारों पर स्थानीय लोककला, संस्कृति एवं क्षेत्रीय विरासत को दर्शाते आकर्षक भित्ति चित्र बनाए गए हैं।

हरित एवं सुंदर परिसर: स्टेशन परिसर में मनमोहक पौधों एवं हरियाली के माध्यम से सौंदर्यीकरण किया गया है, जिससे स्टेशन का वातावरण अधिक सुंदर, स्वच्छ एवं सुखद बना है।

* आधुनिक यात्री सूचना प्रणाली: ट्रेनों के आगमन एवं प्रस्थान की जानकारी के लिए आधुनिक इंडिकेशन बोर्ड तथा दिशा सूचक संकेतक लगाए गए हैं।

* आधुनिक प्रकाश व्यवस्था: स्टेशन परिसर में एलईडी लाइटें लगाई गई हैं, जिससे बेहतर रोशनी के साथ यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा में वृद्धि हुई है।

अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत बालोद रेलवे स्टेशन का यह कायाकल्प आधुनिक यात्री सुविधाओं, स्थानीय सांस्कृतिक विरासत और प्राकृतिक सुंदरता के सुंदर समन्वय का उदाहरण है। मनमोहक पौधों से सजा स्वच्छ एवं आकर्षक परिसर यात्रियों को सुखद अनुभव प्रदान कर रहा है। इस प्रकार बालोद स्टेशन न केवल आधुनिक रेल सुविधाओं से सुसज्जित हुआ है, बल्कि अपनी हरियाली और सुंदरता के कारण क्षेत्र की एक आकर्षक पहचान के रूप में भी उभर रहा है।

Related Articles

Back to top button