Child Marriage Prevention: बाल विवाह के खिलाफ बड़े चकवा ने भरी हुंकार, ग्रामीणों ने ली रोकथाम की शपथ

विशेष ग्रामसभा में बच्चों के अधिकार,शिक्षा और कानूनी उम्र पर हुई चर्चा
विद्यालय में भी विद्यार्थियों ने लिया बाल विवाह मुक्त भारत का संकल्प
जगदलपुर/नवप्रदेश। बाल विवाह (Child Marriage Prevention) जैसी सामाजिक कुरीति के खिलाफ अब गांवों में भी जागरूकता की आवाज बुलंद होने लगी है। बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत 27 नवंबर को ग्राम पंचायत बड़े चकवा में विशेष ग्रामसभा आयोजित कर ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और छात्र-छात्राओं को बाल विवाह रोकने तथा बच्चों के सुरक्षित भविष्य की रक्षा करने की शपथ दिलाई गई।
ग्रामसभा में वक्ताओं ने कहा कि बाल विवाह (Child Marriage Prevention) बच्चों के बचपन, शिक्षा,स्वास्थ्य और अधिकारों को प्रभावित करता है। इसे रोकना केवल शासन-प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं,बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है। इसके लिए जागरूकता बढ़ाने के साथ बाल विवाह की घटनाओं का विरोध करना भी जरूरी है। इसी कड़ी में स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय बड़े चकवा में भी छात्र-छात्राओं को बाल विवाह रोकने की शपथ दिलाई गई। ग्रामीणों और विद्यार्थियों ने बाल विवाह मुक्त भारत के निर्माण तथा बच्चों की शिक्षा,सुरक्षा और उज्ज्वल भविष्य सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम (Child Marriage Prevention) में सरपंच जनक कश्यप,उपसरपंच पूरन सिंह कश्यप, डॉ कमल किशोर कश्यप,पटेल कल्याण बघेल,शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
कानूनी उम्र से पहले विवाह अपराध
सुरेंद्र ठाकुर ने ग्रामीणों को बाल विवाह से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी देते हुए बताया कि लड़कियों के विवाह की न्यूनतम उम्र 18 वर्ष और लड़कों की 21 वर्ष निर्धारित है। उन्होंने कहा कि बच्चों के अधिकारों की रक्षा और इस कुरीति को समाप्त करने के लिए सभी को मिलकर आगे आना होगा।
शिक्षक उमेश पांडे ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना के माध्यम से समानता,न्याय,स्वतंत्रता और अधिकारों के महत्व को समझाया। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति सजग रहने और अपने अधिकारों को जानने के लिए प्रेरित किया।



