50 लाख की चोरी पर मंत्री राजेश अग्रवाल ने टीआई को लगाई फटकार, दो दिन में कार्रवाई का अल्टीमेटम

अंबिकापुर। अग्रवाल ट्रेडिंग कंपनी में 50 लाख रुपए की कथित चोरी और हेरफेर के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर मंत्री राजेश अग्रवाल ने पुलिस अधिकारियों के प्रति नाराजगी जताई है। व्यापारियों की शिकायत सुनने के बाद मंत्री ने कोतवाली थाना प्रभारी अखिलेश सिंह को फोन कर मामले में अब तक हुई कार्रवाई की जानकारी मांगी। उन्होंने दो दिन के भीतर कार्रवाई कर पूरी जानकारी देने का अल्टीमेटम दिया।
दरअसल, सोमवार शाम मंत्री राजेश अग्रवाल अंबिकापुर के अग्रसेन भवन पहुंचे थे। यहां व्यापारियों ने उनसे मुलाकात कर खरसिया नाका स्थित अग्रवाल ट्रेडिंग कंपनी में हुई करीब 50 लाख रुपए की चोरी के मामले में अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने की शिकायत की।
व्यापारियों की बात सुनने के बाद मंत्री ने तत्काल थाना प्रभारी को फोन लगाया। उन्होंने पूछा कि मामले में अब तक क्या कार्रवाई की गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी क्यों नहीं हुई। इस पर थाना प्रभारी ने कार्रवाई के लिए दो दिन का समय मांगा।

मंत्री ने कहा- नहीं पकड़ पा रहे तो मुझे छुड़ाने पुलिस भेजिए
फोन पर बातचीत के दौरान मंत्री ने मजाकिया अंदाज में कहा कि अगर आप आरोपी को नहीं पकड़ पा रहे हैं तो मुझे छुड़ाने के लिए पुलिस भेजिए। उनकी इस टिप्पणी से वहां मौजूद व्यापारी भी हैरान रह गए। हालांकि, मंत्री ने स्पष्ट रूप से दो दिन के भीतर कार्रवाई करने और इसकी जानकारी देने के निर्देश दिए।
टीआई को खर्चा-पानी देने का आरोप
व्यापारियों ने मंत्री को यह भी बताया कि मामले में कार्रवाई कराने के लिए थाना प्रभारी को खर्चा-पानी के नाम पर पैसे दिए गए, इसके बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई। इस शिकायत पर मंत्री ने पुलिस अधिकारी से जवाब मांगा और व्यापारियों को उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
क्या है पूरा मामला
मामला अंबिकापुर के खरसिया नाका स्थित अग्रवाल ट्रेडिंग कंपनी का है। कंपनी संचालक ने करीब एक महीने पहले कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि फर्जी बिल के जरिए कंपनी में करीब 50 लाख रुपए का हेरफेर और चोरी की गई है। पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज किया था, लेकिन अब तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से व्यापारी नाराज थे। इसी मामले में व्यापारियों ने मंत्री से हस्तक्षेप कर कार्रवाई कराने की मांग की थी।



