Elephant Attack: एक माह में हाथाी के हमले से तीन लोगों की मौत, दहशत में कटती रात

- वनांचल में हाथियों का आतंक, चार हाथियों के दल ने तोड़े मकान
- शादी के लिए जुटाकर रखा नौ बोरी अनाज कर दिया चट्
कवर्धा/नवप्रदेश। कबीरधाम जिले के वनांचल क्षेत्र में जंगली हाथियों का आतंक (Elephant Attack) बढ़ता जा रहा है। हाथियों का दल अब केवल खेतों में खड़ी फसलों और मकानों को हीं नहीं बल्कि , बल्कि ग्रामीणों के घरों में घुसकर अनाज और खाद्य सामग्री भी नष्ट कर रहा है। हाथियों की लगातार आवाजाही से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। हालात ऐसे हैं कि लोग अपनी जान बचाने के लिए घर छोड़कर भाग रहे है , ओर इस तरह लोग जंगलों में रात गुजारने को मजबूर हो रहे हैं।
ताजा मामला तरेगांव वन परिक्षेत्र के दातिया वार, बाकी, भूरसीपकरी और केसमर्दा गांव का है। रविवार रात चार हाथियों के दल ने इन क्षेत्रों में जमकर उत्पात मचाया। हाथियों ने बैगा आदिवासी परिवारों के मकानों की दीवारें तोड़ दीं और घरों में रखे अनाज को बर्बाद कर दिया।
भोजन कर रहा था परिवार, तभी घर के पास पहुंचा हाथियों का दल
दातिया वार निवासी बुधराम बैगा का परिवार रात में भोजन करने बैठा था। इसी दौरान अचानक चार हाथियों का दल उनके घर के पास पहुंच गया। हाथियों को देखकर परिवार के सदस्यों में अफरा-तफरी मच गई। जान बचाने के लिए पूरा परिवार घर छोड़कर जंगल की ओर भागा और पूरी रात वहीं छिपकर बिताई।
सुबह जब परिवार वापस घर लौटा तो वहां का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। हाथियों ने मकान की दीवार तोड़ दी थी और घर में रखा राशन बिखेरकर नष्ट कर दिया था। सबसे ज्यादा नुकसान परिवार को शादी की तैयारियों के लिए जुटाई गई खाद्य सामग्री का हुआ। बेटे की शादी के लिए परिवार ने नौ बोरी चावल सहित अन्य खाद्य सामग्री एकत्रित कर रखी थी, जिसे हाथियों ने खाकर और बर्बाद कर दिया।

भूरसीपकरी में भी तीन मकानों को पहुंचाया नुकसान
इसी रात हाथियों के दल ने भूरसीपकरी गांव में भी तीन मकानों को नुकसान पहुंचाया। लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। घटना की जानकारी मिलने पर वन विभाग की टीम प्रभावित गांवों में पहुंची और नुकसान का सर्वे किया। साथ ही प्रभावित परिवारों को नियमानुसार मुआवजा दिलाने के लिए प्रकरण तैयार करने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
छिरपानी के आसपास अकेले हाथी की मौजूदगी से बढ़ी चिंता
दूसरी ओर बोड़ला ब्लॉक मुख्यालय के नजदीक छिरपानी गांव के आसपास एक अकेला जंगली हाथी विचरण कर रहा है। बताया जा रहा है कि इसी हाथी के हमले में पिछले एक माह के भीतर तीन लोगों की मौत हो चुकी है। ऐसे में क्षेत्र के ग्रामीणों की चिंता और बढ़ गई है।
लगातार बढ़ती हाथियों की गतिविधियों ने वनांचल के ग्रामीणों के सामने सुरक्षा का गंभीर संकट खड़ा कर दिया है। ग्रामीणों को मकान, फसल और जान-माल की सुरक्षा की चिंता सता रही है। अब जरूरत है कि वन विभाग प्रभावित क्षेत्रों में हाथियों की निगरानी बढ़ाने के साथ ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाए, ताकि ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।



