भिलाई में श्री राम कथा में शामिल हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज इस्पात नगरी भिलाई के सेक्टर-2 में आयोजित श्री राम कथा में शामिल हुए। उन्होंने व्यासपीठ को नमन कर विश्वविख्यात कथावाचक पूज्य संत चिन्मयानंद बापू से आशीर्वाद लिया तथा श्रद्धालुओं के साथ बैठकर भक्तिभाव से श्री राम कथा का श्रवण किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि माता कौशल्या की जन्मभूमि एवं प्रभु श्रीराम के ननिहाल छत्तीसगढ़ में श्री राम कथा का आयोजन होना हम सभी के लिए सौभाग्य का विषय है। उन्होंने पूज्य संत चिन्मयानंद बापू का प्रदेशवासियों की ओर से स्वागत एवं अभिनंदन किया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ का प्रभु श्रीराम से गहरा आध्यात्मिक एवं भावनात्मक संबंध है। प्रभु श्रीराम ने अपने वनवास काल का अधिकांश समय छत्तीसगढ़ में व्यतीत किया था। प्रदेश में अनेक ऐसे पवित्र स्थल हैं, जो उनके वनवास काल की स्मृतियों से जुड़े हुए हैं। राजिम के त्रिवेणी संगम स्थित कुलेश्वर महादेव मंदिर, चंदखुरी स्थित माता कौशल्या मंदिर तथा राम वन गमन पथ से जुड़े स्थल प्रदेश की समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक हैं।
उन्होंने कहा कि अयोध्या में प्रभु श्रीराम के भव्य मंदिर में विराजमान होने से छत्तीसगढ़वासियों में विशेष हर्ष और गौरव का वातावरण है। राज्य सरकार द्वारा श्रद्धालुओं को अयोध्या में श्रीरामलला के दर्शन कराने के लिए श्री रामलला दर्शन योजना संचालित की जा रही है। इस योजना से अब तक 55 हजार से अधिक श्रद्धालु लाभान्वित हो चुके हैं। प्रत्येक सप्ताह अम्बिकापुर, बिलासपुर, रायपुर एवं दुर्ग से विशेष ट्रेन के माध्यम से लगभग 850 श्रद्धालुओं को अयोध्या दर्शन के लिए ले जाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने अपने विधानसभा क्षेत्र कुनकुरी में आयोजित पूर्व की श्री राम कथा का स्मरण करते हुए कहा कि पूज्य संत चिन्मयानंद बापू का स्नेह एवं आशीर्वाद निरंतर छत्तीसगढ़ को प्राप्त हो रहा है। उन्होंने जनवरी 2027 में रायपुर में आयोजित होने वाली श्री राम कथा में शामिल होने के लिए श्रद्धालुओं को आमंत्रित किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को कार्तिक पूर्णिमा एवं गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए प्रभु श्रीराम और माता सीता से सभी के सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक रिकेश सेन, क्रेडा अध्यक्ष भूपेन्द्र सवन्नी, प्रेम प्रकाश पांडेय सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।



