छत्तीसगढ़

सात महीने बाद पांच मौतों के मामले में खुलासा, पत्नी और तीन बच्चों की हत्या के बाद साजिद ने की थी आत्महत्या

रायपुर। संजय नगर में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत के मामले में करीब सात महीने बाद एसआईटी की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। जांच में परिवार के मुखिया साजिद अली को पत्नी और तीन बच्चों की हत्या का जिम्मेदार पाया गया है। पुलिस जांच के मुताबिक, साजिद ने पहले पत्नी और बच्चों को कीटनाशक देकर उनकी हत्या की और इसके बाद खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी।

जांच में सामने आया है कि साजिद आर्थिक तंगी और सट्टे के कारोबार में हुए नुकसान से परेशान था। वह गोलबाजार और डगनिया इलाके में मोबाइल के माध्यम से सट्टा खिलाने का काम करता था। इस कारोबार में नुकसान होने के बाद उसने काम बंद कर दिया था। इसके बाद उसकी आर्थिक स्थिति लगातार बिगड़ती चली गई।

पांच साल में 70 लाख का लेनदेन

एसआईटी ने जांच के दौरान साजिद के बैंक खातों की भी पड़ताल की। इसमें पिछले पांच वर्षों के दौरान करीब 70 लाख रुपए का लेनदेन सामने आया है। पुलिस ने सट्टे के कारोबार, आर्थिक लेनदेन और परिवार की परिस्थितियों को जांच का आधार बनाया। जांच में आर्थिक तंगी को इस घटना की प्रमुख वजह माना गया है।

17 जुलाई को मिले थे पांचों के शव

17 जुलाई 2026 को रायपुर के संजय नगर में बैटरी कारोबारी साजिद अली, उसकी पत्नी, बेटे और दो बेटियों के शव घर के भीतर मिले थे। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित की थी। जांच में पता चला कि वारदात से पहले साजिद ने अपने बेटे इरशाद को रात करीब 12:30 बजे फोन कर घर बुलाया था। वह बाजार से रसगुल्ले और पेड़े भी लेकर आया था। परिवार को मिठाई खिलाने के बाद यह घटना हुई।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि साजिद मौदहापारा में बैटरी रिपेयरिंग की दुकान चलाता था। वह पहले ठेला लगाता था और बाद में बैटरी का कारोबार शुरू किया था। बताया गया कि वह नशे का आदी था और पिछले कुछ महीनों से मानसिक तनाव में रह रहा था। करीब 15 साल से वह अपने भाई-बहनों से अलग रह रहा था। उस पर उधार देने वालों का भी दबाव था।

Related Articles

Back to top button