छत्तीसगढ़

भिलाई को 154.66 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात, ऑडिटोरियम और इंडोर स्टेडियम निर्माण की घोषणा

रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज भिलाई के खुर्सीपार में आयोजित कार्यक्रम में 154 करोड़ 66 लाख 86 हजार रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों को कई विकास कार्यों की सौगात देते हुए ऑडिटोरियम और इंडोर स्टेडियम निर्माण की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कुरुद-जुनवानी-कोहका मार्ग से साकेत नगर, कुरुद बस्ती एवं सुंदर विहार तक सड़क निर्माण के लिए 13 करोड़ रुपये तथा जुनवानी-कोहका-कुरुद मार्ग में कोसानाला से कुटेला मार्ग एवं कुटेलाभाठा सड़क निर्माण के लिए 14 करोड़ रुपये की घोषणा की।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि पिछले तीन वर्षों में नगर निगम भिलाई के विकास के लिए 886 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं। उन्होंने बीएसपी टाउनशिप में रहने वाले नागरिकों के रिटेंशन आवास के किराए में हुई 24 गुना वृद्धि का उल्लेख करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों से चर्चा और अधिकारियों से बातचीत के बाद मासिक किराए में बढ़ोतरी को कम कर 6 रुपये किए जाने का निर्णय लिया गया, जिससे हजारों परिवारों को राहत मिली है।

मुख्यमंत्री ने सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिदिन 1600 आवास बनाए जा रहे हैं। शहरी क्षेत्रों में तीन वर्षों के दौरान 77 हजार से अधिक मकानों का निर्माण कराया गया है।

उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना के तहत 68 लाख से अधिक महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये दिए जा रहे हैं। योजना की 33 किस्तों में 21 हजार 350 करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित की जा चुकी है।

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि प्रदेश में गांवों और शहरों का तेजी से विकास हो रहा है। नगरीय सुविधाओं के विस्तार के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि पिछले तीन वर्षों में नगर निगम भिलाई के विकास के लिए 886 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं।

चिटफंड निवेशकों को 3.16 करोड़ रुपये वापस

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री साय ने यश ड्रीम चिटफंड कंपनी के 3000 निवेशकों को उनकी जमा राशि लौटाने की प्रक्रिया के तहत 3 करोड़ 16 लाख 54 हजार 889 रुपये की राशि बटन दबाकर अंतरित की।

इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के आठ हितग्राहियों को प्रमाण पत्र, पीएम स्वनिधि योजना के छह हितग्राहियों को ऋण सुविधा, प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के पांच हितग्राहियों को प्रशस्ति पत्र तथा आयुष्मान भारत योजना के पांच हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड प्रदान किए गए।

मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना के दो हितग्राहियों को एक-एक लाख रुपये के चेक दिए गए। सात श्रमिकों को श्रमिक पंजीयन कार्ड वितरित किए गए। महिला स्व-सहायता समूहों को भी छत्तीसगढ़ महिला कोष योजना के तहत ऋण राशि के चेक प्रदान किए गए। मत्स्य विभाग की योजनाओं के तहत हितग्राहियों को उपकरण एवं पट्टे वितरित किए गए।

इस अवसर पर स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव, सांसद विजय बघेल, राज्यसभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा, विधायक ललित चंद्राकर, विधायक रिकेश सेन, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पांडेय, महापौर नीरज पाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button