33.24 लाख रुपये की लागत से बना भवन, साइबर अपराधों की जांच में मिलेगी सुविधा

रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दुर्ग जिले के प्रवास के दौरान भिलाई के सेक्टर-6 में महिला थाना के समीप 33.24 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित दुर्ग रेंज के साइबर थाना भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने नवीन पुलिस चौकी रूआबांधा का उद्घाटन तथा पुलिस नियंत्रण कक्ष में उन्नत एकलव्य प्रशिक्षण हॉल, परिवार परामर्श केंद्र के काउंसलिंग कक्ष एवं किलकारी कक्ष का भी लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री ने समाज को नशे की समस्या से मुक्त करने के उद्देश्य से पोस्टर का विमोचन कर संकल्प अभियान-नशामुक्ति का शुभारंभ भी किया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि नवीन साइबर थाना भवन के प्रारंभ होने से दुर्ग रेंज में साइबर अपराधों की रोकथाम एवं विवेचना के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इस साइबर थाने का क्षेत्राधिकार दुर्ग रेंज के अंतर्गत दुर्ग, बालोद एवं बेमेतरा जिलों तक रहेगा।
उन्होंने कहा कि नए भवन से ऑनलाइन धोखाधड़ी, साइबर ठगी एवं अन्य साइबर अपराधों की जांच, अपराधियों की पहचान तथा पीड़ितों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने में पुलिस को मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पुलिस नियंत्रण कक्ष सेक्टर-6 भिलाई में सीएसआर मद से 15 लाख रुपये की लागत से एकलव्य प्रशिक्षण हॉल का उन्नयन किया गया है। वहीं जिला खनिज संस्थान न्यास मद से 10 लाख रुपये की लागत से परिवार परामर्श केंद्र के काउंसलिंग कक्ष एवं किलकारी कक्ष का निर्माण किया गया है।

एकलव्य प्रशिक्षण हॉल से पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बेहतर प्रशिक्षण सुविधाएं मिलेंगी। वहीं काउंसलिंग कक्ष और किलकारी कक्ष से पारिवारिक समस्याओं के निराकरण तथा महिलाओं एवं बच्चों के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी।
नवीन पुलिस चौकी रूआबांधा के प्रारंभ होने से क्षेत्र में कानून व्यवस्था मजबूत होगी और नागरिकों को पुलिस सेवाएं सहजता से उपलब्ध होंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संकल्प अभियान के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाई जाएगी तथा युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखने के लिए प्रयास किए जाएंगे।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव, विधायक ललित चन्द्राकर, संभाग आयुक्त सत्यनारायण राठौर, आईजी अभिषेक शांडिल्य, कलेक्टर अभिजीत सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि एवं पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।



