मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरुद्वारे में मत्था टेककर प्रदेश की खुशहाली की कामना की

रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय गुरु नानक देव जी की जयंती के अवसर पर भिलाई के सेक्टर-6 स्थित गुरुद्वारा श्री सिंह सभा में आयोजित प्रकाश पर्व समारोह में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने गुरुद्वारे में मत्था टेककर पवित्र श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के समक्ष शीश नवाया तथा छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय श्रद्धाभाव से लंगर में शामिल हुए और प्रसाद ग्रहण किया। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने भी गुरुद्वारे में मत्था टेककर गुरु साहिब का आशीर्वाद लिया तथा लंगर में प्रसाद ग्रहण किया।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि गुरु नानक देव जी की जयंती को प्रकाश पर्व के रूप में मनाना हम सभी के लिए सौभाग्य का विषय है। इस पावन अवसर पर पवित्र श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के समक्ष शीश नवाने का अवसर प्राप्त होना सुखद अनुभूति है।
मुख्यमंत्री ने सिख समाज के संतजनों, समाज के सभी बंधुओं, माताओं-बहनों एवं युवाओं को प्रकाश पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सिख समाज का आशीर्वाद और मार्गदर्शन निरंतर सभी को मिलता रहे।



