Save The Forests: वन बचाओ अभियान में 100 बच्चों ने दिया संरक्षण का संदेश, हाथियों से बचाव के बताए गए उपाय

- वन विभाग बलरामपुर के सहयोग से पंडरी कन्या छात्रावास में हुआ आयोजन
- चित्रकला, गायन, नृत्य और लोककला के जरिए किया जागरूक
नीलांचल गौड़
पंडरी/वाड्रफनगर/नवप्रदेश। वन एवं वन्यजीव संरक्षण तथा मानव-हाथी द्वंद्व की रोकथाम को लेकर नई पहचान वेलफेयर फाउंडेशन की ओर से वन विभाग बलरामपुर के सहयोग से वन परिक्षेत्र रघुनाथ नगर अंतर्गत प्री-मैट्रिक कन्या छात्रावास पंडरी में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। वन बचाओ अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में करीब 100 बच्चों ने हिस्सा लिया। बच्चों ने चित्रकला, गायन, नृत्य और लोककला की प्रस्तुतियों के माध्यम से वन एवं वन्यजीव संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता छात्रावास अधीक्षिका श्रीमती उषा सिंह ने की। इस अवसर पर कौशल्या सिद्धार भी मौजूद रहीं। मुख्य अतिथि के रूप में उप वन क्षेत्रपाल रघुनाथ नगर शिवनाथ ठाकुर शामिल हुए। इसके अलावा वन विभाग के बीएफओ वसंत कुमार, बीएफओ विशाल राज सिंह और सीएससी राकेश जायसवाल उपस्थित रहे।
हाथियों से सामना होने पर सतर्कता बरतने की अपील
मुख्य अतिथि शिवनाथ ठाकुर ने बच्चों और उपस्थित लोगों को हाथियों के व्यवहार, उनके विचरण क्षेत्र तथा हाथियों से सामना होने की स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखना, उन्हें परेशान नहीं करना और उनकी मौजूदगी की सूचना तत्काल वन विभाग को देना जरूरी है। उन्होंने लोगों से हाथियों के आवागमन वाले क्षेत्रों में सतर्कता बरतने और वन विभाग के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से किया जागरूक
कार्यक्रम में लगभग 100 बच्चों ने विभिन्न गतिविधियों में भाग लिया। चित्रकला के माध्यम से बच्चों ने वन संरक्षण और वन्यजीवों की सुरक्षा से जुड़े विचार प्रस्तुत किए। वहीं गायन और नृत्य के जरिए पर्यावरण संरक्षण तथा मानव-हाथी सहअस्तित्व का संदेश दिया गया। नई पहचान वेलफेयर फाउंडेशन के 15 सदस्यीय कला दल ने भी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। कलाकारों ने लोककला के माध्यम से जंगलों के संरक्षण, वन्यजीवों के महत्व और प्रकृति के प्रति मानवीय जिम्मेदारी को रेखांकित किया। कार्यक्रम में कल्याण मंडल, राजेश यादव, चरित्र सिंह, राकेश सिंह, रामकुमार कुशवाहा, गीता मंडल एवं संतोषी विश्वास ने सहभागिता निभाई।
पवन पाण्डेय ने बताया सामाजिक जिम्मेदारी
नई पहचान वेलफेयर फाउंडेशन के संस्थापक पवन पाण्डेय ने कहा कि वन एवं वन्यजीवों का संरक्षण समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। क्षेत्र में हाथियों की आवाजाही को देखते हुए ग्रामीणों और बच्चों को जागरूक करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि लोगों में वन्यजीवों के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने और मानव-हाथी संघर्ष को कम करने के लिए इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने आयोजन में सहयोग के लिए वन विभाग के अधिकारियों, छात्रावास प्रबंधन, अतिथियों और कलाकारों के प्रति आभार जताया। साथ ही जिला वन विभाग बलरामपुर के सहयोग एवं मार्गदर्शन के लिए धन्यवाद दिया। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों और स्थानीय समुदाय को वन संरक्षण, वन्यजीवों की सुरक्षा तथा हाथियों से बचाव के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया। आयोजन में वन विभाग और सामाजिक संस्था की संयुक्त भागीदारी देखने को मिली।



