छत्तीसगढ़

Bijapur Maoist Dump Recovery: बीजापुर के जंगल में माओवादी डम्प से 3.84 किलो सोना और 24.22 लाख रुपये नकद बरामद

इन्द्रावती नदी के आसपास जंगल में जमीन के अंदर छिपाकर रखा गया था सोना और नगदी, डीआरजी, भैरमगढ़ थाना एवं बीडीएस टीम की संयुक्त कार्रवाई

बीजापुर/नवप्रदेश। छत्तीसगढ़ के बीजापुर (Bijapur Maoist Dump Recovery) जिले में माओवादी गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। इन्द्रावती नदी के आसपास जंगल क्षेत्र में जमीन के अंदर छिपाकर रखे गए माओवादी डम्प से 3.84 किलोग्राम सोना और 24 लाख 22 हजार 500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। बरामद सोने की अनुमानित कीमत 4 करोड़ 29 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार (Bijapur Maoist Dump Recovery), 27 नवंबर 2026 को थाना भैरमगढ़ क्षेत्र के इन्द्रावती नदी के आसपास जंगल में माओवादी डम्प छिपाए जाने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक बीजापुर उमेश प्रसाद गुप्ता के मार्गदर्शन एवं निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) रविन्द्र कुमार मीणा के नेतृत्व में डीआरजी, थाना भैरमगढ़ और बीडीएस टीम ने संयुक्त अभियान चलाया।

अभियान के दौरान बीडीएस टीम की जांच एवं तलाशी में जमीन के अंदर छिपाकर रखा गया एक स्टील का डिब्बा बरामद हुआ। डिब्बे में 33 सोने के बिस्किट मिले, जिनका कुल वजन 330 तोला (3.84 किलोग्राम) बताया गया है। इसके अलावा टेप से लिपटे पैकेट में 500 रुपये के नोटों के रूप में कुल 24 लाख 22 हजार 500 रुपये नकद भी बरामद किए गए। बरामद सोने और नगदी के संबंध में थाना भैरमगढ़ में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, डीआरजी, एसटीएफ, कोबरा और सीआरपीएफ के संयुक्त प्रयासों से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। इन कार्रवाइयों के तहत अब तक माओवादी डम्प से कुल 8 करोड़ 24 लाख 33 हजार 300 रुपये नकद तथा 12.34 किलोग्राम सोना बरामद किया जा चुका है। माओवादी गतिविधियों के विरुद्ध जारी अभियान के बीच इस बरामदगी को सुरक्षा बलों की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button