Pratappur News: प्रतापपुर में जुए के फड़ पर छापा, थाना प्रभारी समेत पांच पुलिसकर्मी निलंबित

- बस स्टैंड के पास चल रहा था जुए का कारोबार
- 99 हजार 600 रुपये नकद, मोबाइल और वाहन जब्त
- पुलिसकर्मियों की भूमिका संदिग्ध मिलने पर एसपी की कार्रवाई
सूरजपुर/नवप्रदेश। प्रतापपुर (Pratappur News) में बस स्टैंड के पास खुलेआम संचालित जुए के फड़ पर जिला स्तरीय पुलिस टीम की छापेमारी के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। मामले में स्थानीय पुलिसकर्मियों की कथित संलिप्तता और लापरवाही सामने आने पर पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल ने थाना प्रभारी सहित पांच पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, 27 नवंबर को जिला स्तरीय पुलिस टीम ने प्रतापपुर (Pratappur News) बस स्टैंड के पास संचालित जुए के फड़ पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान मौके से 99 हजार 600 रुपये नकद, 52 पत्ती ताश, सात मोबाइल फोन और कई वाहन जब्त किए गए। जांच में प्रतापपुर निवासी जयभगवान अग्रवाल द्वारा स्थानीय पुलिस कर्मचारियों की कथित मिलीभगत से जुआ संचालित किए जाने की बात सामने आई। इसके बाद एसपी ने संबंधित पुलिसकर्मियों के विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई की।
निलंबित किए गए पुलिसकर्मियों में थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश पुरेना, उपनिरीक्षक विवेक खलखो, आरक्षक राजेश तिवारी (618), भीमेश आरमो (847) और राजकुमार पासवान (698) शामिल हैं। निलंबन अवधि में सभी को रक्षित केंद्र सूरजपुर से संबद्ध किया गया है। उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा। साथ ही सक्षम अधिकारी की पूर्व लिखित अनुमति के बिना मुख्यालय छोड़ने पर प्रतिबंध लगाया गया है।
रेवटी चौकी के मामले पर भी उठ रहे सवाल
प्रतापपुर में जुए के कारोबार पर हुई कार्रवाई के बाद स्थानीय पुलिस की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। वहीं रेवटी चौकी से जुड़े कथित वसूली के आरोपों पर अब तक कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट नहीं होने से भी चर्चा तेज है। ऐसे में लोगों की निगाहें पुलिस अधीक्षक के अगले कदम पर टिकी हैं। हालांकि, जुए के कारोबार को कथित राजनीतिक संरक्षण मिलने की चर्चाओं की भी निष्पक्ष जांच की जरूरत महसूस की जा रही है।



