कार्तिक पूर्णिमा पर आज खारून में उमड़ेगी आस्था की भीड़, हटकेश्वर महादेव के दर्शन के लिए पहुंचेेंगे हजारों श्रद्धालु

रायपुर। कार्तिक पूर्णिमा पर आज महादेवघाट स्थित खारून नदी में आस्था का सैलाब उमड़ेगा। पुण्य स्नान, दीपदान और भगवान शिव के दर्शन के लिए शहर सहित प्रदेश के अलग-अलग इलाकों से हजारों श्रद्धालु पहुंचेंगे। सुबह ब्रह्म मुहूर्त से ही नदी में आस्था की डुबकी लगाने का सिलसिला शुरू होगा। स्नान के बाद श्रद्धालु 15वीं शताब्दी में निर्मित ऐतिहासिक श्री हटकेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक और पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करेंगे।
करीब 600 साल पुराने कार्तिक पुन्नी मेले को लेकर महादेवघाट में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। खारून नदी के घाटों की विशेष सफाई कराई गई है। पूरे मेला परिसर और लक्ष्मण झूले को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया है। घाटों पर फूलों की सजावट भी की गई है। मेले की शुरुआत से ही श्रद्धालु नदी में दीपदान कर रहे हैं। सोमवार देर शाम से ही दूर-दराज के इलाकों से श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था।

स्नान के बाद हटकेश्वरनाथ के दर्शन की परंपरा
कार्तिक पूर्णिमा पर खारून नदी में स्नान और दान-पुण्य का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है। मान्यता है कि इस दिन ब्रह्म मुहूर्त में पवित्र नदी में स्नान करने और दीपदान करने से पुण्य की प्राप्ति होती है। श्रद्धालु स्नान के बाद हटकेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करेंगे। मंदिर में देर रात भगवान शिव को तुलसी की मंजरी और कमल पुष्प अर्पित कर विशेष पूजा-अर्चना की परंपरा भी निभाई जाएगी।
मीना बाजार और झूले रहेंगे आकर्षण
धार्मिक आयोजन के साथ महादेवघाट का पारंपरिक मेला भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहेगा। रायपुर सहित प्रदेश के विभिन्न इलाकों से पहुंचे व्यापारियों ने सैकड़ों दुकानें सजाई हैं। पूजा सामग्री, खिलौने, घरेलू सामान और खानपान के स्टॉल लगाए गए हैं। मीना बाजार में आकाशीय झूले और मनोरंजन के अन्य साधन बच्चों के साथ बड़ों को भी आकर्षित करेंगे। छत्तीसगढ़ी पारंपरिक व्यंजनों के साथ मेले में लोक कला और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी छटा देखने को मिलेगी।
सुरक्षा और सुविधाओं के इंतजाम
श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए आयोजन समिति और स्थानीय प्रशासन ने घाट तथा मंदिर परिसर में व्यवस्थाएं की हैं। साफ-सफाई, रोशनी और श्रद्धालुओं की सुविधा पर विशेष ध्यान दिया गया है। तीन दिनों तक चलने वाले इस मेले में सुबह से देर शाम तक श्रद्धालुओं और मेलार्थियों की भीड़ रहने की संभावना है।
1428 में हुआ था मंदिर का निर्माण
महादेवघाट स्थित श्री हटकेश्वर महादेव मंदिर का ऐतिहासिक महत्व भी है। मान्यता के अनुसार, मंदिर का निर्माण वर्ष 1428 ईस्वी में राजा ब्रह्मदेव ने कराया था। उस समय क्षेत्र में हैहयवंशी राजाओं का शासन था। सदियों पुराना यह मंदिर आज भी श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। कार्तिक पूर्णिमा पर यहां दर्शन और जलाभिषेक के लिए बड़ी संख्या में भक्त पहुंचते हैं।



