विरासत के साथ स्वच्छता का संदेश लेकर निकली हेरिटेज वॉक

रायपुर। रायपुर नगर निगम ने शहर की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत से नई पीढ़ी को परिचित कराने और स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ‘Walk with a Cause’ हेरिटेज वॉक का आयोजन किया। इस आयोजन में विरासत संरक्षण के साथ स्वच्छ शहर का संदेश दिया गया। खास बात यह रही कि पूरी हेरिटेज वॉक को जीरो वेस्ट इवेंट के रूप में आयोजित किया गया, जिसमें सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहा।
हेरिटेज वॉक की शुरुआत नागरीदास मंदिर से हुई। प्रतिभागियों ने जैतूसाव मठ, जगन्नाथ मंदिर और हनुमान की बावड़ी होते हुए टुरी हटरी तक भ्रमण किया। पूरी यात्रा का मार्गदर्शन सुश्री निष्ठा जोशी ने किया। उन्होंने प्रत्येक ऐतिहासिक स्थल के इतिहास, स्थापत्य कला और धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व की जानकारी रोचक तरीके से दी। विद्यार्थियों और नागरिकों ने भी सवाल पूछकर रायपुर की ऐतिहासिक विरासत को करीब से समझा।
कार्यक्रम में नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा, संस्कृति विभाग अध्यक्ष अमर गिदवानी, जोन 4 अध्यक्ष मुरली शर्मा, जोन 5 अध्यक्ष अम्बर अग्रवाल, पार्षद अजय साहू सहित निगम के अधिकारी, नागरिक और पुरानी बस्ती स्थित शासकीय सरस्वती कन्या शाला की छात्राएं शामिल हुईं।
बिना प्लास्टिक के आयोजित हुआ कार्यक्रम
नगर निगम ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए आयोजन में पानी की प्लास्टिक बोतलों के स्थान पर वाटर कूलर की व्यवस्था की। पानी पीने के लिए पेपर ग्लास का उपयोग किया गया। पूरे कार्यक्रम में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा गया और कचरा फैलने नहीं दिया गया। निगम की इस पहल ने यह संदेश दिया कि सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजनों को भी जीरो वेस्ट बनाया जा सकता है।
छात्राएं बनीं ‘नन्हे प्रेरक’
आयुक्त संबित मिश्रा ने छात्राओं के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें ‘नन्हे प्रेरक’ कहा। उन्होंने बच्चों से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और शहर को सुंदर एवं व्यवस्थित बनाने के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बच्चे अपने परिवार, स्कूल और आसपास के लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक कर सकते हैं।
आयुक्त ने छात्राओं से घरों और स्कूलों में चार प्रकार के डस्टबिन रखने तथा गीले, सूखे और अन्य श्रेणियों के कचरे को अलग-अलग रखने की आदत विकसित करने की अपील की।
ई-वेस्ट पर प्रतियोगिताओं ने बढ़ाया उत्साह
हेरिटेज वॉक के दौरान छात्राओं के लिए ई-वेस्ट विषय पर क्विज, स्लोगन और अन्य रचनात्मक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनके माध्यम से इलेक्ट्रॉनिक कचरे के उचित निपटान और पर्यावरण पर उसके दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पुरस्कार और सभी सहभागी छात्राओं को प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।
नगर निगम ने भविष्य में भी इस तरह की हेरिटेज वॉक और जागरूकता गतिविधियां आयोजित करने की बात कही। आयोजन का उद्देश्य नई पीढ़ी को शहर की विरासत से जोड़ने के साथ स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी का अभियान बनाना है।



