ओडिशा से गांजा लाकर रायपुर में खपाने पहुंचा यूपी का युवक गिरफ्तार

रायपुर. ओडिशा से गांजा लाकर राजधानी रायपुर में खपाने की फिराक में घूम रहे उत्तर प्रदेश के एक अंतर्राज्यीय आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 3 किलो 710 ग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी कीमत करीब 1 लाख 85 हजार 500 रुपये आंकी गई है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और गंज थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 3 नवंबर को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को सूचना मिली थी कि गंज थाना क्षेत्र के नहरपारा रोड स्थित आत्मानंद स्कूल के पास एक व्यक्ति गांजा लेकर बिक्री करने की फिराक में घूम रहा है। सूचना पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में संयुक्त पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के व्यक्ति की पहचान की।

पुलिस टीम ने संदिग्ध से पूछताछ करने का प्रयास किया तो वह भागने लगा। इस पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम शिवम मिश्रा बताया, जो उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले का निवासी है। उसके पास रखे बैग की तलाशी लेने पर 3.710 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने गांजा ओडिशा से लाना स्वीकार किया है।
पुलिस ने आरोपी शिवम मिश्रा (26 वर्ष), पिता छैल बिहारी मिश्रा, निवासी ग्राम उमरिया गंज, थाना इटवा, जिला सिद्धार्थनगर (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ गंज थाने में अपराध क्रमांक 323/26 के तहत नारकोटिक एक्ट की धारा 20(बी) में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की गई है।
सप्लाई नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
गिरफ्तार आरोपी से गांजे की उपलब्धता, परिवहन, बिक्री और सप्लाई नेटवर्क के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है। पुलिस गांजा उपलब्ध कराने वाले स्रोतों से लेकर संभावित खरीदारों और अन्य संपर्कों तक पहुंचने के लिए बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच कर रही है।
100 मामलों में 218 आरोपी गिरफ्तार
रायपुर कमिश्नरेट पुलिस के अनुसार एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स द्वारा अब तक एनडीपीएस एक्ट के 100 प्रकरणों में 218 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इन कार्रवाइयों में कुल 7 करोड़ 36 लाख 68 हजार 920 रुपये कीमत के मादक पदार्थ और अन्य सामग्री जब्त की गई है।



