छत्तीसगढ़

अब गांव-गांव पहुंचेगी डिजिटल शिक्षा की सुविधा, मुख्यमंत्री साय ने डिजिटल ट्रांसफॉर्मिंग वैन को दिखाई हरी झंडी

रायपुर. जशपुर के ग्रामीण और दूरस्थ अंचलों में अब डिजिटल शिक्षा की पहुंच आसान होगी। बच्चों, युवाओं और महिलाओं को कंप्यूटर, इंटरनेट और साइबर सुरक्षा का प्रशिक्षण देने के लिए डिजिटल ट्रांसफॉर्मिंग वैन शुरू की गई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बुधवार को जशपुर प्रवास के दौरान विश्राम गृह परिसर से इस वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

एनआईआईटी फाउंडेशन ने इंडस टावर्स के सहयोग से यह पहल शुरू की है। इसके माध्यम से जशपुर विकासखंड के अलग-अलग गांवों में पहुंचकर 12 से 60 वर्ष तक के नागरिकों को एक महीने का निःशुल्क डिजिटल प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण में डिजिटल साक्षरता, साइबर सुरक्षा और बेसिक आईटी से जुड़ी जानकारी दी जाएगी।

मुख्यमंत्री साय ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि आज के दौर में डिजिटल साक्षरता केवल तकनीकी ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह शिक्षा, रोजगार, स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता के नए अवसरों का आधार बन चुकी है। ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों तक आधुनिक तकनीक और डिजिटल शिक्षा पहुंचाना जरूरी है। इससे ग्रामीण युवा और महिलाएं डिजिटल दुनिया से जुड़कर अपने कौशल का विकास कर सकेंगे।

चलते-फिरते प्रशिक्षण केंद्र के रूप में काम करेगी वैन

मुख्यमंत्री ने डिजिटल ट्रांसफॉर्मिंग वैन का निरीक्षण कर उसमें उपलब्ध आधुनिक उपकरणों और प्रशिक्षण सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने वैन में स्थापित डिजिटल उपकरणों के माध्यम से ऑनलाइन कॉन्फ्रेंस कॉल में भी हिस्सा लिया। यह वैन चलते-फिरते प्रशिक्षण केंद्र के रूप में काम करेगी। इससे ग्रामीणों को डिजिटल शिक्षा के लिए दूर शहरों तक जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

डिजिटल दुनिया के सुरक्षित इस्तेमाल की मिलेगी जानकारी

प्रशिक्षण के दौरान ग्रामीणों को कंप्यूटर और डिजिटल उपकरणों का उपयोग, इंटरनेट की बुनियादी जानकारी तथा ऑनलाइन माध्यमों के सुरक्षित इस्तेमाल के बारे में व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। खासतौर पर साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर रहेगा। इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल जागरूकता बढ़ने के साथ तकनीकी कौशल विकसित होगा और शहरों तथा गांवों के बीच डिजिटल सुविधाओं की दूरी कम करने में मदद मिलेगी।

कार्यक्रम में जशपुर विधायक रायमुनि भगत, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, सुनील गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। वहीं एनआईआईटी फाउंडेशन के नेशनल हेड पूर्णेन्दु हुड्डा, प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर जितेंद्र राठौर, इंडस टावर्स के प्रतिनिधि रजनीश और एनआईआईटी फाउंडेशन की जशपुर टीम के सदस्य भी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button