Ganja Seized: कंटेनर ट्रक के चेम्बर से 407 किलो से अधिक गांजा बरामद, यूपी के दो तस्कर गिरफ्तार

- ओडिशा से उत्तरप्रदेश ले जाया जा रहा था 2 करोड़ रुपये से अधिक कीमत का गांजा
- तस्करी के लिए ट्रक में बनाया गया था विशेष गोपनीय चेम्बर
- 192 पैकेटों में छिपाकर रखा था 407 किलो 330 ग्राम गांजा
- ट्रक और मोबाइल सहित 2 करोड़ 29 लाख 76 हजार 500 रुपये का मशरूका जब्त
कवर्धा/नवप्रदेश। कबीरधाम पुलिस ने मादक पदार्थों (Ganja Seized) अंतरराज्यीय तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कंटेनर ट्रक में बनाए गए विशेष गोपनीय चेम्बर से 407 किलो 330 ग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने मौके से उत्तरप्रदेश निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 2 करोड़ 3 लाख 66 हजार 500 रुपये बताई गई है। वहीं, तस्करी में प्रयुक्त कंटेनर ट्रक और मोबाइल फोन सहित कुल 2 करोड़ 29 लाख 76 हजार 500 रुपये का मशरूका जब्त किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव (IPS) के निर्देश पर जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए अंतरराज्यीय सीमाओं एवं प्रमुख मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार एवं अमित कुमार पटेल के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी अजाक/क्राइम प्रशांत देवांगन के निर्देशन में थाना चिल्फी पुलिस द्वारा संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही थी।
मुखबिर की सूचना पर एनएच-30 में की गई नाकेबंदी
पुलिस के मुताबिक, 23 नवंबर 2026 को थाना चिल्फी पुलिस को सूचना मिली कि एक कंटेनर ट्रक, जिसकी बॉडी के दोनों तरफ अंग्रेजी में PADHAN लिखा हुआ है, में भारी मात्रा में गांजा भरकर दो व्यक्ति रायपुर, कवर्धा और चिल्फी के रास्ते जबलपुर होते हुए मध्यप्रदेश की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने विशेष टीम गठित कर थाना चिल्फी के सामने एनएच-30 पर नाकेबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की।
इसी दौरान संदिग्ध कंटेनर ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। वाहन में सवार दोनों व्यक्तियों ने अपनी पहचान राजू यादव (27 वर्ष) और विकास यादव (26 वर्ष), निवासी ग्राम मुड़िया खेड़ा, तहसील अतरौली, जिला अलीगढ़ (उत्तरप्रदेश) के रूप में बताई।
ड्राइवर सीट के ऊपर बनाया था गोपनीय चेम्बर
वाहन की बारीकी से तलाशी लेने पर ड्राइवर सीट के ऊपर विशेष रूप से बनाया गया एक गोपनीय चेम्बर मिला। पुलिस ने जब इसकी जांच की तो अंदर खाकी रंग के टेप से लिपटे 192 पैकेट बरामद हुए। जांच एवं नारकोटिक ड्रग्स डिटेक्शन किट से परीक्षण में गांजे की पुष्टि हुई। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से वजन कराने पर कुल 407 किलो 330 ग्राम गांजा पाया गया। पूरी कार्रवाई की ई-साक्ष्य के तहत वीडियोग्राफी भी कराई गई।
ओडिशा से उत्तरप्रदेश तक फैले तस्करी नेटवर्क का खुलासा
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे 17 नवंबर को कंटेनर ट्रक लेकर अलीगढ़ से निकले थे। इसके बाद 21 नवंबर को ओडिशा के सुनकीघाटी में ट्रक के ड्राइवर केबिन के ऊपर बने गोपनीय चेम्बर में करीब चार क्विंटल गांजा भरकर दिया गया था। इसके बाद दोनों आरोपी गांजा लेकर रायपुर, कवर्धा और चिल्फी के रास्ते अलीगढ़ (उत्तरप्रदेश) जा रहे थे।
पुलिस अब गांजे की आपूर्ति करने वाले व्यक्तियों, तस्करी नेटवर्क और इस अवैध कारोबार से जुड़े वित्तीय लेन-देन की जानकारी जुटा रही है। मामले में अन्य आरोपियों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
2.29 करोड़ रुपये से अधिक का मशरूका जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 407 किलो 330 ग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 2 करोड़ 3 लाख 66 हजार 500 रुपये है, परिवहन में प्रयुक्त करीब 26 लाख रुपये कीमत का कंटेनर ट्रक और 10 हजार रुपये कीमत का रेडमी कंपनी का ग्रे रंग का एंड्रॉयड मोबाइल फोन जब्त किया है। इस प्रकार कुल 2 करोड़ 29 लाख 76 हजार 500 रुपये का मशरूका जब्त किया गया है।
दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना चिल्फी में अपराध क्रमांक 30/2026 के तहत धारा 20(B)(ii)(C) एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। दोनों आरोपियों को 24 नवंबर 2026 को विशेष न्यायाधीश एनडीपीएस एक्ट के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में एसडीओपी अजाक/क्राइम प्रशांत देवांगन, थाना प्रभारी चिल्फी निरीक्षक बीरेंद्र वर्मा, एएनटीएफ प्रभारी निरीक्षक महेश प्रधान सहित थाना चिल्फी पुलिस के सउनि बीरबल साहू, आरक्षक क्रमांक 472, 07, 318, 553, 759 एवं अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कबीरधाम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में मादक पदार्थों की अवैध तस्करी और परिवहन के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। अंतरराज्यीय मार्गों पर निगरानी बढ़ाकर इस अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



