खेलछत्तीसगढ़

Bastar Sports: दक्षिण क्षेत्रीय खेलों में जगदलपुर का दबदबा, 167 अंकों के साथ बना चैंपियन

  • खो-खो, कबड्डी और टेबल टेनिस में मेजबान टीम ने मारी बाजी
  • दीपशिखा ने लगातार दूसरी बार जीता सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का खिताब

जगदलपुर/नवप्रदेश। कुम्हरावंड स्थित शहीद गुण्डाधुर कृषि महाविद्यालय में आयोजित (Bastar Sports) दक्षिण क्षेत्रीय अंतरमहाविद्यालयीन खेलकूद प्रतियोगिता में मेजबान जगदलपुर ने अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए ओवरऑल चैंपियनशिप पर कब्जा जमा लिया। तीन दिनों तक चली प्रतियोगिता में विभिन्न खेलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए जगदलपुर की टीम ने कुल 167 अंक अर्जित किए। कृषि महाविद्यालय नारायणपुर उपविजेता रहा।

मेजबान टीम ने बालक वर्ग के खो-खो,कबड्डी,टेबल टेनिस और रिले दौड़ में पहला स्थान हासिल कर अपनी श्रेष्ठता साबित की। वहीं बालक वर्ग वॉलीबॉल में उपविजेता रही। बालिका वर्ग वॉलीबॉल में भी टीम ने फाइनल तक का सफर तय किया। प्रतियोगिता में बालक वर्ग के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार कृषि महाविद्यालय कुरूद के मिथुन को मिला, जबकि बालिका वर्ग में दीपशिखा दीवान ने लगातार दूसरे वर्ष सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का खिताब जीतकर विशेष उपलब्धि हासिल की। समारोह की अध्यक्षता कृषि महाविद्यालय जगदलपुर के अधिष्ठाता डॉआरएस नेताम ने की। इस अवसर पर कुरूद कृषि महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. नवनीत राणा और उद्यानिकी महाविद्यालय सोनारपाल के अधिष्ठाता डॉ. इशू साहू सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे। विजेता टीमों और उत्कृष्ट खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया गया। अंत में डॉ. आरआर कंवर ने आभार व्यक्त किया।

खेल प्रतिभाओं को सांसद ने किया प्रोत्साहित

मंगलवार को आयोजित समापन समारोह में बस्तर सांसद महेश कश्यप मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने अपने कबड्डी खिलाड़ी के दिनों को याद करते हुए कहा कि खेल ने उन्हें ग्रामीण स्तर से राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहचान दिलाई। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता नहीं बढ़ाते,बल्कि मानसिक मजबूती और अनुशासन भी विकसित करते हैं। डिजिटल युग में युवाओं के मानसिक स्वास्थ्य के लिए नियमित खेलकूद की भूमिका महत्वपूर्ण है।

इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर के कुलसचिव डॉ. कपिल देव दीपक ने कहा कि पढ़ाई के साथ खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों में भागीदारी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए जरूरी है।

Related Articles

Back to top button