छत्तीसगढ़

कोटा नवीन महाविद्यालय भवन मार्च 2027 तक होगा तैयार, नालंदा लाइब्रेरी के धीमे निर्माण पर विधायक ने जताई नाराजगी

रायपुर। रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में शैक्षणिक अधोसंरचना से जुड़े निर्माण कार्यों को समय-सीमा में पूरा कराने के उद्देश्य से विधायक ने आज सुबह कोटा नवीन महाविद्यालय भवन और निर्माणाधीन नालंदा लाइब्रेरी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने दोनों परियोजनाओं की प्रगति और निर्माण गुणवत्ता का जायजा लिया। कोटा महाविद्यालय भवन की प्रगति पर संतोष जताते हुए मार्च 2027 तक निर्माण पूरा कर हैंडओवर करने के निर्देश दिए। वहीं नालंदा लाइब्रेरी का निर्माण निर्धारित कार्ययोजना से दो माह पीछे होने पर अधिकारियों और निर्माण एजेंसी के प्रति नाराजगी जाहिर की।

कोटा महाविद्यालय भवन का निर्माण मार्च 2027 तक पूरा करने के निर्देश

विधायक ने सबसे पहले कोटा स्थित राम दरबार के समीप 4.65 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन शासकीय नवीन महाविद्यालय भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति और गुणवत्ता का अवलोकन किया। कार्य की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को मार्च 2027 तक सभी कार्य पूर्ण कर भवन हैंडओवर करने के निर्देश दिए।

महाविद्यालय भवन में विद्यार्थियों और शैक्षणिक गतिविधियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए आधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। भवन के भूतल पर आकर्षक पोर्च, प्रवेश लॉबी, स्टाफ रूम, कंप्यूटर लैब, भौतिकी एवं रसायन शास्त्र प्रयोगशालाएं, लाइब्रेरी, डार्क रूम, परीक्षा नियंत्रण कक्ष, स्टोर रूम, प्राचार्य एवं उप-प्राचार्य कक्ष, रजिस्ट्रार कंट्रोल कार्यालय और सामान्य प्रशासन कक्ष का निर्माण किया जा रहा है। दिव्यांग विद्यार्थियों की सुगम आवाजाही के लिए विशेष रैंप की व्यवस्था भी की गई है।

प्रथम तल पर आधुनिक कक्षाओं के साथ भूविज्ञान, प्राणी विज्ञान प्रयोगशालाओं और प्रबंधन कक्ष का सिविल निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। वर्तमान में यहां फिनिशिंग का कार्य जारी है।

महाविद्यालय भवन के पूर्ण होने से कोटा, गुढ़ियारी, भारत माता चौक सहित आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को विज्ञान, कला और वाणिज्य संकायों में उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए स्थानीय स्तर पर बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।

नालंदा लाइब्रेरी के निर्माण में देरी पर अधिकारियों को फटकार

इसके बाद विधायक ने 22 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन नालंदा लाइब्रेरी का निरीक्षण किया। यहां निर्माण कार्य की धीमी गति और निर्धारित वर्क प्रोग्राम से दो माह पीछे चलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी के प्रति कड़ी नाराजगी व्यक्त की।

उन्होंने निर्माण कार्य में तत्काल तेजी लाने के लिए अतिरिक्त संसाधन और श्रमिक लगाने के निर्देश दिए। साथ ही कार्ययोजना के अनुरूप निर्माण पूरा करने और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने को कहा।

नालंदा लाइब्रेरी को शहर के युवाओं और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए आधुनिक अध्ययन केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां यूपीएससी, सीजीपीएससी, व्यापम, बैंकिंग, नीट और जेईई जैसी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों को अध्ययन की बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

लाइब्रेरी में शांत अध्ययन वातावरण, वाई-फाई युक्त डिजिटल लाइब्रेरी, ई-बुक्स और देर रात तक सुरक्षित अध्ययन की आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है।

गुणवत्ता और समय-सीमा से समझौता नहीं

निरीक्षण के दौरान विधायक ने कहा कि रायपुर पश्चिम के युवाओं को आधुनिक शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। कोटा में बन रहा नवीन महाविद्यालय उच्च शिक्षा के नए अवसर उपलब्ध कराएगा, वहीं नालंदा लाइब्रेरी हजारों विद्यार्थियों के लिए अध्ययन और तैयारी का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगी।

उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। निर्धारित समय-सीमा से पीछे चलने वाले अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

Related Articles

Back to top button