Bailadila Landslide: बैलाडीला में भूस्खलन की चोट, 8 किमी तक बिखरी तबाही

- हजारों पेड़-मलबे में दफन,चार जलस्रोत प्रभावित, वन्यजीवों के अस्तित्व पर संकट
- कांग्रेस जांच दल ने उठाए गंभीर सवाल, बारिश हुई तो बढ़ सकती है नुकसान की आशंका
जगदलपुर/नवप्रदेश। बैलाडीला की पहाड़ियों में हुए भूस्खलन (Bailadila Landslide) का असर शुरुआती अनुमान से कहीं अधिक व्यापक होने की आशंका है। पहाड़ से खिसका मलबा करीब 7 से 8 किलोमीटर तक फैल गया है। इसकी चपेट में जंगल का बड़ा हिस्सा आया है। हजारों पेड़-पौधों के मलबे में दबने,चार प्राकृतिक जलस्रोतों के प्रभावित होने और सैकड़ों वन्यजीवों के दबकर मरने की आशंका जताई जा रही है। सोमवार को कांग्रेस के जांच दल ने प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया। मौके की स्थिति देखने के बाद दल ने नुकसान के वास्तविक आकलन और भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम को लेकर गंभीर सवाल आकलन और मौके की तस्वीर में अंतर!
कांग्रेस जांच दल के अनुसार, एनएमडीसी प्रबंधन की ओर से मलबे का फैलाव शुरुआती तौर पर 2 से 3 किलोमीटर बताया गया था, जबकि मौके पर निरीक्षण के दौरान इसका विस्तार करीब 7 से 8 किलोमीटर तक दिखाई दिया। दल का कहना है कि मलबे की वास्तविक सीमा और पर्यावरणीय नुकसान का व्यापक आकलन जरूरी है। प्रभावित जंगल में पेड़-पौधों के साथ प्राकृतिक जलस्रोत और वन्यजीवों का आवास भी संकट में आया है। हालांकि, वन्यजीवों की वास्तविक क्षति और पेड़ों की संख्या का आधिकारिक सर्वे होना अभी बाकी है।
मलबा स्थिर नहीं,बारिश बनी नई चिंता
जांच दल ने यह भी चिंता जताई कि पहाड़ी से खिसका मलबा अभी पूरी तरह स्थिर नहीं हुआ है। इसके धीरे-धीरे आगे बढ़ने की आशंका बनी हुई है। यदि इस दौरान बारिश होती है तो मलबे के और नीचे खिसकने से जंगल के बड़े हिस्से, जलस्रोतों और वन्यजीवों को अतिरिक्त नुकसान पहुंच सकता है। ऐसे में प्रभावित क्षेत्र की निगरानी और मलबे की स्थिति का तकनीकी आकलन बेहद जरूरी हो गया है।
बस्तर विधायक ने उठाई जवाबदेही की मांग
कांग्रेस जांच दल के संयोजक एवं बस्तर विधायक लखेश्वर बघेल ने घटना को गंभीर पर्यावरणीय क्षति बताते हुए एनएमडीसी प्रबंधन की लापरवाही पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि हजारों पेड़-पौधों और जीव-जंतुओं के प्रभावित होने की आशंका को सामान्य घटना मानकर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने पूरे मामले की जांच कर जिम्मेदारी तय करने और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की।
जनहानि नहीं हुई, लेकिन प्रकृति का नुकसान कम नहीं
जांच दल का कहना है कि घटना में किसी व्यक्ति की जान नहीं गई, यह राहत की बात है, लेकिन पर्यावरण को हुए नुकसान की गंभीरता इससे कम नहीं हो जाती। जंगल, प्राकृतिक जलस्रोत और वन्यजीव किसी भी क्षेत्र की पारिस्थितिकी के महत्वपूर्ण हिस्से हैं। इनके नुकसान का असर लंबे समय तक रह सकता है। दल ने प्रभावित क्षेत्र का स्वतंत्र और वैज्ञानिक सर्वे कराने, मलबे की वास्तविक सीमा,पेड़ों की क्षति,जलस्रोतों की स्थिति और वन्यजीवों पर पड़े प्रभाव का आकलन सार्वजनिक करने की मांग की है। साथ ही भविष्य में मलबे के और खिसकने की आशंका को देखते हुए एहतियाती कदम उठाने पर जोर दिया है।



