छत्तीसगढ़

EOW ACB Chhattisgarh : बीज निगम के सेवानिवृत्त प्रबंधक गिरफ्तार, आय से 5.28 करोड़ रुपये अधिक संपत्ति का मामला

आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो और भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (EOW ACB Chhattisgarh) ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम के सेवानिवृत्त बीज प्रबंधक राजेन्द्र सिंह क्षत्रीय को गिरफ्तार किया है। जांच में उनके द्वारा ज्ञात एवं वैध आय की तुलना में आय से अधिक संपत्ति (Disproportionate Assets Case) अर्जित करने के पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद कार्रवाई की गई। आरोपी को विशेष न्यायालय बैकुण्ठपुर में पेश करने के बाद न्यायिक रिमाण्ड पर जिला जेल भेज दिया गया।

6 करोड़ की आय, 11.28 करोड़ रुपये से अधिक का व्यय

जांच एजेंसी के अनुसार राजेन्द्र सिंह क्षत्रीय, तत्कालीन उत्पादन सहायक एवं वर्तमान में सेवानिवृत्त बीज प्रबंधक, छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम लिमिटेड के प्रक्रिया केंद्र अजिरमा, जिला सरगुजा में पदस्थ रहे हैं। उनके विरुद्ध थाना ईओडब्ल्यू/एसीबी रायपुर में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (Prevention of Corruption Act) की धारा 13(1)(बी) एवं 13(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच की गई।

विवेचना में सामने आया कि जांच अवधि के दौरान आरोपी ने ज्ञात एवं वैध स्रोतों से कुल 6 करोड़ 47 हजार 497 रुपये की आय अर्जित की, जबकि इसी अवधि में 11 करोड़ 28 लाख 67 हजार 45 रुपये से अधिक का व्यय किया। इस प्रकार आरोपी ने अपनी ज्ञात आय से 5 करोड़ 28 लाख 19 हजार 547 रुपये अधिक खर्च किए, जो उसकी कुल आय का 87.96 प्रतिशत अधिक है।

साक्ष्य मिलने के बाद की गई गिरफ्तारी

जांच के दौरान संकलित दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के विरुद्ध आर्थिक अपराध (EOW Investigation) और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत पर्याप्त साक्ष्य पाए गए। इसके बाद 17 जुलाई 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर विशेष न्यायालय, बैकुण्ठपुर के समक्ष पेश किया गया।

न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया जिला जेल

विशेष न्यायालय बैकुण्ठपुर ने आरोपी को न्यायिक रिमाण्ड पर भेजने के आदेश दिए। इसके बाद राजेन्द्र सिंह क्षत्रीय को जिला जेल बैकुण्ठपुर, जिला कोरिया में दाखिल करा दिया गया। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

Related Articles

Back to top button