छत्तीसगढ़

Lightning Strike : बारिश बनी काल, पुटू बीनने गई महिला की वज्रपात से मौत

रायगढ़ जिले में आकाशीय बिजली (Lightning Strike) गिरने से एक महिला की मौत हो गई। परिवार के लिए जंगल में पुटू (मशरूम) बीनने गई महिला अचानक मौसम खराब होने के दौरान वज्रपात की चपेट में आ गई। गंभीर रूप से झुलसी महिला को परिजन तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

पुटू बीनने गई थी महिला, तभी बदला मौसम

जानकारी के अनुसार धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम लक्ष्मीपुर निवासी प्रभा एक्का (55) गुरुवार सुबह परिवार के अन्य सदस्यों के साथ संगरा जंगल में पुटू बीनने गई थीं। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया। तेज बारिश शुरू होने के साथ जोरदार गर्जना हुई और वज्रपात (CG Weather Alert) सीधे प्रभा एक्का पर गिर गया। आकाशीय बिजली की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गईं।

अस्पताल में डाक्टरों ने किया मृत घोषित

घटना के बाद परिजन तत्काल प्रभा एक्का को इलाज के लिए धरमजयगढ़ सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डाक्टरों ने प्रारंभिक परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर फैल गई।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही धरमजयगढ़ पुलिस अस्पताल पहुंची। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस जांच (Raigarh News) के तहत मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

बारिश के मौसम में बरतें सावधानी

बारिश के मौसम में मौसम चेतावनी (Lightning Safety) के बावजूद जंगलों और खुले स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ऐसे में मौसम खराब होने पर खुले मैदान, जंगल और ऊंचे स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी जाती है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button