Bastar deforestation: 10 करोड़ का जुर्माना बकाया, बैलाडीला में फिर उजड़ा जंगल

डिपॉजिट-14 के भूस्खलन में 30 हेक्टेयर आरक्षित वन प्रभावित
हजारों पेड़ मलबे में दबे,दो जलधाराएं भी दबीं,एनएमडीसी के महाप्रबंधक पर वन अपराध दर्ज
नव प्रदेश विशेष: अनिल सामंत
जगदलपुर/नवप्रदेश। बैलाडीला (Bastar deforestation) की पहाड़ियों से निकलने वाला लौह अयस्क देश के औद्योगिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है,लेकिन इसकी कीमत अब जंगल,प्राकृतिक जलस्रोत और ग्रामीणों को चुकानी पड़ रही है। किरंदुल के डिपॉजिट-14 में 18 नवंबर को हुए भूस्खलन ने खनन अपशिष्ट के सुरक्षित प्रबंधन और पर्यावरणीय जवाबदेही पर फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वन विभाग ने इस मामले में एनएमडीसी के महाप्रबंधक के खिलाफ वन अपराध दर्ज किया है। शुरुआती आकलन में करीब 30 हेक्टेयर आरक्षित वन क्षेत्र प्रभावित हुआ है और हजारों पेड़ों के मलबे में दबने की आशंका है।
इस पूरे मामले (Bastar deforestation) में सबसे गंभीर पहलू यह है कि वर्ष 2024 में डिपॉजिट-11सी की घटना के बाद वन विभाग द्वारा लगाया गया 10 करोड़ रुपये का जुर्माना अब तक जमा नहीं हुआ है। पुराने मामले की क्षतिपूर्ति लंबित है और बैलाडीला में जंगल को नुकसान पहुंचाने वाली एक और बड़ी घटना सामने आ गई। ऐसे में सवाल है कि पिछली घटना से क्या सबक लिया गया और खनन अपशिष्ट के प्रबंधन में कितने सुधार किए गए?
डिपॉजिट-14 में पुराने खनन अपशिष्ट का ढेर धंसने के बाद मलबा पहाड़ी से नीचे बहता हुआ आरक्षित वन क्षेत्र के कंपार्टमेंट क्रमांक 673 तक पहुंच गया। शुरुआती आकलन में इसका फैलाव करीब 500 मीटर बताया गया था,लेकिन वन विभाग के निरीक्षण में यह बढ़कर लगभग 2.5 से 3 किलोमीटर तक सामने आया है। कुछ स्थानों पर मलबे की चौड़ाई करीब 150 मीटर दर्ज की गई है।
इसकी चपेट में छोटे पौधों से लेकर लगभग 100 फीट ऊंचे पेड़ तक आए हैं। हजारों पेड़ों के दबने की आशंका है। वन विभाग के अनुसार मलबा स्थिर होने के बाद ही वास्तविक नुकसान का आकलन किया जा सकेगा। प्रभावित क्षेत्र का दायरा और बढ़ने की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा रहा है।
भूस्खलन ने केवल वन संपदा को ही नुकसान नहीं पहुंचाया, बल्कि ग्रामीणों के प्राकृतिक जलस्रोत भी प्रभावित किए हैं। नंदराज पहाड़ियों से निकलने वाली दो प्राकृतिक जलधाराएं मलबे में दबने की जानकारी सामने आई है। इन पर लोहागांव, गमपुर और एंड्री गांवों के करीब 100 से 120 परिवार निर्भर बताए जा रहे हैं। जलधाराओं के प्रभावित होने से इन परिवारों के सामने पेयजल संकट खड़ा होने की आशंका है।
लावा गांव की ओर जाने वाले संपर्क मार्ग को भी नुकसान पहुंचने की जानकारी है। ग्रामीणों ने पारंपरिक आदिवासी पूजा स्थल के प्रभावित होने की बात भी कही है। यानी जिस पहाड़ी और जंगल से ग्रामीणों की पेयजल व्यवस्था,आजीविका और सांस्कृतिक परंपराएं जुड़ी हैं,वहां अब खनन का मलबा फैल गया है।
बैलाडीला में जंगल को नुकसान पहुंचने का यह पहला मामला नहीं है। 4 अगस्त 2024 को डिपॉजिट-11सी में हुई घटना में करीब चार हेक्टेयर वन क्षेत्र प्रभावित हुआ था। वन विभाग ने उस मामले में वन अपराध दर्ज कर एनएमडीसी पर 10 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया था। इसके बावजूद अब तक राशि जमा नहीं हुई है।
वसूली के लिए कंपनी को नोटिस जारी करने की प्रक्रिया चल रही
दंतेवाड़ा के वन मंडलाधिकारी रंगनाथ रामकृष्ण वाय के अनुसार,बकाया राशि की वसूली के लिए कंपनी को नोटिस जारी करने की प्रक्रिया चल रही है। वहीं एनएमडीसी का कहना है कि वर्ष 2024 की घटना भीषण बाढ़ के कारण हुई थी। वन विभाग से नोटिस मिलने के बाद पत्राचार जारी है और कंपनी विभाग के साथ सहयोग कर मामले का समाधान निकालने का प्रयास कर रही है।
पुराने मामले में क्षतिपूर्ति की राशि जमा नहीं होने के बीच नई घटना ने कंपनी की जवाबदेही का सवाल और बड़ा कर दिया है। नए मामले में भी प्रभावित वन क्षेत्र के आकलन के आधार पर करोड़ों रुपये की क्षतिपूर्ति का प्रश्न उठ रहा है।
आईआईटी बॉम्बे करेगी वैज्ञानिक जांच
भूस्खलन के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए आईआईटी बॉम्बे के विशेषज्ञों की मदद ली जा रही है। प्रभावित क्षेत्र का ड्रोन सर्वे और भू-तकनीकी परीक्षण कराया जा रहा है। पहाड़ी की मिट्टी,चट्टानों की संरचना और मलबे के बहाव का वैज्ञानिक अध्ययन होगा। पहाड़ी के ऊपरी हिस्से में नई दरारें दिखाई देने की जानकारी ने चिंता बढ़ा दी है। दोबारा भूस्खलन होने की स्थिति में वन क्षेत्र और आसपास के गांवों के लिए खतरा बढ़ सकता है।
इंतजाम किए गए थे,इसकी भी पड़ताल होगी
वन विभाग यह भी जांच करेगा कि स्वीकृत खनन योजना और अपशिष्ट डालने की निर्धारित प्रक्रिया का पालन किया गया था या नहीं। पुराने डंप को स्थिर रखने,मिट्टी के कटाव को रोकने और मलबे के बहाव को नियंत्रित करने के लिए क्या इंतजाम किए गए थे,इसकी भी पड़ताल होगी।
एनएमडीसी ने प्राकृतिक भूगर्भीय हलचल को बताया वजह
एनएमडीसी का पक्ष है कि करीब दो दशक से स्थिर पुराना अपशिष्ट डंप प्राकृतिक भूगर्भीय गतिविधि और पहाड़ी की ढलान खिसकने के कारण प्रभावित हुआ। कंपनी के अनुसार, खनन अपशिष्ट करीब 200 से 250 मीटर तक गया, जबकि पहाड़ी की मिट्टी और ढीली सामग्री आगे ढलान की ओर बह गई। कंपनी ने विशेषज्ञों की मदद से ड्रोन मैपिंग और भूगर्भीय जांच शुरू करने की जानकारी दी है।
2024 के 10 करोड़ रुपये के जुर्माने की वसूली अब तक क्यों नहीं हो सकी
अब वैज्ञानिक जांच से ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चलेगा। लेकिन एक सवाल का जवाब केवल वैज्ञानिक रिपोर्ट से नहीं मिलेगा कि वर्ष 2024 के 10 करोड़ रुपये के जुर्माने की वसूली अब तक क्यों नहीं हो सकी और पिछली घटना के बाद भविष्य में ऐसी घटनाएं रोकने के लिए किए गए उपाय कितने प्रभावी रहे? बैलाडीला की खनिज संपदा देश की औद्योगिक जरूरतों के लिए महत्वपूर्ण है,लेकिन जंगल,जलस्रोत और ग्रामीणों की सुरक्षा भी उतनी ही जरूरी है। खनन से मिलने वाले आर्थिक लाभ के साथ पर्यावरणीय नुकसान की जवाबदेही तय होना भी आवश्यक है।



