छत्तीसगढ़

नगर निगम की सील तोड़कर दूसरे दरवाजे से शुरू किया कारोबार, भवन मालिकों पर एफआईआर

रायपुर। नगर निगम की ओर से संपत्ति कर बकाया होने पर सील किए गए भवन में दूसरा दरवाजा खोलकर दोबारा कारोबार शुरू करने के मामले में पुलिस ने दो भवन मालिकों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। निगम की शिकायत पर आमानाका थाना पुलिस ने प्रीतम सिंह और जगमीत सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मामला नगर निगम जोन-8 के वार्ड क्रमांक-1 स्थित वीर सावरकर नगर का है। यहां भवन मालिकों पर वित्तीय वर्ष 2021-22 से 2026-27 तक कुल 7 लाख 32 हजार 262 रुपए का संपत्ति कर बकाया था। नगर निगम की ओर से बकाया राशि जमा करने के लिए नोटिस भी जारी किया गया था, लेकिन भवन मालिकों ने कर जमा नहीं किया।

इसके बाद निगम की राजस्व टीम ने 20 अगस्त 2026 को भवन के मुख्य दरवाजे पर सील लगा दी थी। आरोप है कि सीलिंग की कार्रवाई के बाद भवन मालिकों ने निगम की अनुमति के बिना दूसरा दरवाजा खोल लिया और वहां दोबारा व्यावसायिक गतिविधियां शुरू कर दीं।

जोन आयुक्त ने दर्ज कराई शिकायत

मामले में जोन-8 आयुक्त ने सहायक राजस्व निरीक्षक संतोष दुबे को भवन मालिकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए अधिकृत किया था। इसके बाद 21 नवंबर को आमानाका थाने में लिखित आवेदन दिया गया। पुलिस ने आवेदन के आधार पर दोनों के खिलाफ बीएनएस की धारा 223 और 329(4) के तहत अपराध दर्ज किया है। मामले की जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button