संपादकीय: उत्तरप्रदेश में नार्वे पार्ट 2 दोहराने की कोशिश
Attempt to Replicate the ‘Norway’ Scenario (Part 2) in UP: उत्तरप्रदेश की राजधानी लखनऊ में मुख्यमंंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रेस कांफ्रेन्स में एक यूट्यूबर महिला ने नार्वे पार्ट २ दोहराने की कोशिश की और अब यह सोशल मीडिया में जमकर ट्रोल हो रही है। मुख्यमंत्री योगी प्रेस कांफ्रेन्स के दौरान वह कथित महिला पत्रकार पूरे समय खामोश बैठी थी उसने एक भी सवाल नहीं किया था। जब प्रेस कांफ्रेन्स समाप्त होने की घोषणा कर दी गई और सीएम योगी उठकर जाने लगे तब उस यूट्यूबर ने चिल्लाकर कहा कि मुख्यमंत्री जी मेरे सवाल का जवाब दीजिए आप यहां सिर्फ अपनी बात कहने और आवाज सुनाने नहीं आये थे। मेरे प्रश्न का भी उत्तर दो।
इसके बाद वह मुस्कराने लगी। इसी से स्पष्ट है कि उक्त यूट्यूबर वहां सिर्फ अपना एजेंडा चलाने गई थी और इसमें वह सफल रही और इसका यह वीडियो जमकर वायरल हुआ और समाजवादी पार्टी ने इसे लेकर सीएम योगी पर सवालों से भागने का आरोप मढऩा शुरू कर दिया। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नार्वे यात्रा के दौरान हुई प्रेस कांफ्रेन्स में भी इसी तरह एक कथित महिला पत्रकार ने नौटंकी की थी और उसका वीडियो पूरी दुनिया में वायरल हुआ था।
संभवत: उसी से प्रेरणा लेकर लखनऊ में उस यूट्यूबर ने यह तमाशा खड़ा किया और जब उसकी इस हरकत पर उसकी चौतरफा निंदा होने लगी और सोशल मीडिया पर उसकी खिंचाई की जाने लगी तो उसने एक वीडियो जारी करके टेसूए बहाना शुरू कर दिया और अब वह यह आरोप लगा रही है कि भाजपा कार्यकर्ता और कुछ पत्रकार उसे धमका रहे हैं उसके घर पर बुलडोजर चलाने की धमकी दे रहे हैं। इस तरह के आरोप लगाकर वह सहानुभूति बटोरना चाहती है। ऐसे हथकंडे अपनाकर लोग सोशल मीडिया पर लाइक तो बटोर लेते हैं लेकिन इसी सोशल मीडिया पर पलक झपकते ही उनकी हकीकत सामने आ जाती है।



