छत्तीसगढ़

रायपुर स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों की महाप्रबंधक ने परखी प्रगति

रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने सोमवार को रायपुर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर यहां चल रहे मेजर स्टेशन पुनर्विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, गति और निर्धारित समय-सीमा की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को काम समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। महाप्रबंधक ने स्पष्ट किया कि स्टेशन के पुनर्विकास के दौरान यात्रियों की सुविधा और संरक्षा से किसी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए।

महाप्रबंधक ने स्टेशन पर चल रहे विभिन्न विकास एवं पुनर्विकास कार्यों का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से वर्तमान प्रगति, निर्धारित समय-सीमा और आगामी कार्ययोजना की जानकारी ली। स्टेशन पुनर्विकास से संबंधित ले-आउट प्लान का अवलोकन करने के साथ ही मौके की वास्तविक स्थिति का भी जायजा लिया। उन्होंने निर्माण कार्यों में निर्धारित मानकों और उच्च गुणवत्ता का पालन सुनिश्चित करने को कहा।

यात्रियों को कम से कम हो असुविधा

निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने कहा कि निर्माण कार्यों के कारण यात्रियों को कम से कम परेशानी हो, इसके लिए आवश्यक वैकल्पिक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जाएं। कार्यस्थल पर सुरक्षा और संरक्षा के सभी मानकों का पालन करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने स्टेशन के विभिन्न प्लेटफार्म, फुट ओवरब्रिज और अन्य यात्री क्षेत्रों का निरीक्षण किया।

स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं की स्थिति की समीक्षा करते हुए उन्होंने स्वच्छता, यात्रियों के सुगम आवागमन और अन्य सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया। अधिकारियों से कहा कि यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और सुगम यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जाएं।

मुख्य प्रवेश द्वार से गुढ़ियारी छोर तक देखा काम

महाप्रबंधक ने स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार गेट नंबर-2 पर निर्माणाधीन कार्य की घेराबंदी से लेकर गुढ़ियारी छोर पर चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता और काम की गति पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। अधिकारियों को विभिन्न कार्यों के बीच बेहतर समन्वय बनाकर समयबद्ध तरीके से काम पूरा करने कहा।

स्टेशन पुनर्विकास पूरा होने के बाद यात्रियों को आधुनिक सुविधाओं के साथ बेहतर आवागमन व्यवस्था, सुविधाजनक प्रवेश-निकास और अधिक सुव्यवस्थित यात्री सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।

परिचालन और अधोसंरचना कार्यों की समीक्षा

निरीक्षण के बाद मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के सभागार में महाप्रबंधक ने रायपुर मंडल के रेल परिचालन और विभिन्न कार्यों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में रेल परिचालन से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों के साथ ही अधोसंरचना विकास कार्यों के दौरान निर्बाध और सुचारू रेल परिचालन पर चर्चा की गई। अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कार्यों के दौरान यात्री सुविधा और रेल परिचालन प्रभावित न हो, इसका विशेष ध्यान रखने कहा गया।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक रायपुर दयानंद, मुख्यालय बिलासपुर के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (आरएसपी), प्रधान मुख्य अभियंता, प्रधान मुख्य परिचालन प्रबंधक, मुख्य परियोजना प्रबंधक (गतिशक्ति), रायपुर सहित मुख्यालय और मंडल के विभिन्न विभागों के शाखाधिकारी एवं पर्यवेक्षक मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button