छत्तीसगढ़

खराब सड़कों पर भड़के मुख्यमंत्री, कलेक्टरों को मौके पर जाकर जांच के निर्देश

अंबिकापुर की बदहाल सड़क का वीडियो वायरल होने पर सीएम ने सरगुजा कलेक्टर को फोन किया, गड्ढे भरने और जल निकासी दुरुस्त करने कहा

रायपुर। बारिश के दौरान निर्माणाधीन और क्षतिग्रस्त सड़कों से आम लोगों को हो रही परेशानी को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नाराजगी जताई है। अंबिकापुर के खरसिया चौक की बदहाल सड़क का वीडियो वायरल होने के बाद मुख्यमंत्री ने तत्काल संज्ञान लेते हुए सरगुजा कलेक्टर को फोन किया और मौके का निरीक्षण कर सड़क की स्थिति सुधारने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि बारिश के बीच सड़क की खराब स्थिति के कारण नागरिकों को आवागमन में परेशानी नहीं होनी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने खरसिया चौक की सड़क पर बने बड़े गड्ढों को तत्काल भरने, आवश्यक समतलीकरण कराने और जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर निर्माण कार्य के कारण यातायात प्रभावित हो रहा है, वहां संबंधित विभाग पुलिस और यातायात विभाग के साथ समन्वय कर सुरक्षित एवं निर्बाध आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करें।

सभी कलेक्टरों को खुद सड़कें देखने कहा

मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी कलेक्टरों को अपने-अपने जिलों में निर्माणाधीन और क्षतिग्रस्त सड़कों का मौके पर जाकर निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि केवल विभागीय रिपोर्ट के आधार पर स्थिति की समीक्षा करने के बजाय अधिकारी खुद मौके पर पहुंचकर सड़कों की वास्तविक स्थिति देखें।

उन्होंने बारिश के दौरान सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने को कहा। जहां सड़क क्षतिग्रस्त है, निर्माण कार्य चल रहा है या पुल-पुलिया के आसपास कटाव, जलभराव अथवा अन्य कारणों से आवागमन प्रभावित हो रहा है, वहां तत्काल सुरक्षात्मक उपाय किए जाएं। दुर्घटना की आशंका वाले स्थानों पर संकेतक, बैरिकेडिंग और यातायात प्रबंधन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए हैं।

बारिश के बाद निर्माण कार्यों में आएगी तेजी

मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन और स्वीकृत सड़क परियोजनाओं के काम में भी तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बारिश का मौसम समाप्त होते ही निर्माण एजेंसियों के साथ कार्ययोजना बनाकर सड़क निर्माण और स्थायी मरम्मत के कार्य शुरू किए जाएं। सभी कार्य गुणवत्ता के साथ तय समय-सीमा में पूरे किए जाएं, ताकि लोगों को लंबे समय तक निर्माणाधीन सड़कों की परेशानी न झेलनी पड़े।

अधिक यातायात वाली सड़कों की होगी निगरानी

मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क चाहे राष्ट्रीय राजमार्ग की हो, लोक निर्माण विभाग, नगरीय निकाय या किसी अन्य एजेंसी के अधीन हो, जिला प्रशासन संबंधित विभाग के साथ समन्वय कर समस्या का त्वरित समाधान कराए। कलेक्टर अपने जिलों में अधिक यातायात दबाव वाली प्रमुख सड़कों और निर्माणाधीन मार्गों को चिन्हित कर उनकी स्थिति की नियमित समीक्षा करें। निर्माण कार्यों की लगातार निगरानी कर समयबद्ध तरीके से काम पूरा कराने पर भी उन्होंने जोर दिया।

Related Articles

Back to top button