Samvidhan Gudi Bastar: संविधान ही आराध्य: हर आंदोलन से पहले सेवा-अर्जी

- कोया आदिवासियों की अनूठी मिसाल
- बुरुंगपाल की संविधान गुड़ी में 34 साल से कायम है परंपरा
- 1992 के ऐतिहासिक जनसंघर्ष की याद में ग्रामीणों ने बनाई थी संविधान को समर्पित धरोहर
जगदलपुर/नवप्रदेश। देश में संविधान को लोकतंत्र का आधार माना जाता है, लेकिन बस्तर (Samvidhan Gudi Bastar) के कोया आदिवासी समाज ने संविधान को अपनी सामाजिक आस्था और पारंपरिक स्वशासन का हिस्सा बना लिया है। तोकापाल क्षेत्र के बुरुंगपाल में स्थापित संविधान गुड़ी इसकी अनूठी मिसाल है। यहां किसी भी बड़े सामाजिक संघर्ष, जनआंदोलन या उलगुलान की शुरुआत संविधान गुड़ी में सेवा-अर्जी के साथ होती है। संविधान दिवस पर गुरुवार को भी बुरुंगपाल,मावलीभाटा और उड़वा क्षेत्र के ग्रामीणों ने इसी परंपरा का निर्वहन करते हुए विधिवत सेवा-अर्जी की और संविधान दिवस उत्साह के साथ मनाया।
बुरुंगपाल की इस संविधान गुड़ी का इतिहास 6 अक्टूबर 1992 से जुड़ा है। उस समय मावलीभाटा क्षेत्र में एसएम डायकेम इस्पात संयंत्र की आधारशिला रखी गई थी। संयंत्र के लिए जमीन अधिग्रहण की आशंका से आसपास के गांवों के आदिवासी लामबंद हो गए। तत्कालीन बस्तर कलेक्टर स्वर्गीय डॉ. बीडी शर्मा ने ग्रामीणों को उनके संवैधानिक अधिकारों, ग्रामसभा की ताकत और सामूहिक एकजुटता के प्रति जागरूक किया। लंबी लड़ाई के बाद ग्रामीणों का विरोध सफल हुआ और प्रस्तावित संयंत्र की योजना आगे नहीं बढ़ सकी।
इस ऐतिहासिक संघर्ष और ग्रामीणों की जीत को पीढ़ियों तक यादगार बनाए रखने के लिए संविधान गुड़ी की स्थापना की गई। यहां संविधान की पांचवीं अनुसूची और जनजातीय क्षेत्रों में ग्रामसभा के अधिकारों से जुड़े प्रावधानों को स्थान दिया गया। तभी से यह स्थल ग्रामीणों के लिए केवल एक स्मारक नहीं, बल्कि उनके अधिकार, स्वाभिमान और सामूहिक निर्णय की आस्था का केंद्र बना हुआ है।
संविधान के प्रति आस्था,संघर्ष की विरासत
महिला प्रभाग की जिला अध्यक्ष रुक्मणी कर्मा ने कहा कि 1992 के संघर्ष में ग्रामीणों ने जो एकजुटता दिखाई थी,वही आज भी उनकी सबसे बड़ी ताकत है। उस दौर के नारे आज भी गांवों में गूंजते हैं। ग्रामीणों ने संविधान दिवस पर एक बार फिर बुलंद आवाज में कहा-
‘हमारे गांव में हमारा राज!’ ‘हमचो गांव ने हमचो राज!’
‘कागज तुम्हारा, जमीन हमारा!’ ‘कटेंगे पर हटेंगे नहीं!’
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में जब भी कोई बड़ा सामाजिक संघर्ष, जनआंदोलन या उलगुलान शुरू होता है,ग्रामीण सबसे पहले संविधान गुड़ी में सेवा-अर्जी करते हैं। यह परंपरा संविधान, ग्रामसभा और पारंपरिक स्वशासन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
संविधान गुड़ी बनी संघर्ष और स्वाभिमान की पहचान
बुरुंगपाल की यह गुड़ी आदिवासी समाज की उस सोच को सामने लाती है, जिसमें संविधान केवल पढ़ने या समझने का दस्तावेज नहीं, बल्कि जल-जंगल-जमीन, सामुदायिक अधिकारों और ग्रामसभा की ताकत का आधार है। संविधान दिवस पर यहां हुआ आयोजन इसी ऐतिहासिक विरासत को आगे बढ़ाने का संकल्प भी बना। कार्यक्रम में सरपंच बंको कश्यप, पूर्व जनपद सदस्य सुकलो मंडावी,चंदरू वेट्टो,सुलो पोयाम,पाकलू पोडियाम,पाकलू कर्मा, बसंत कर्मा,जनपद सदस्य भारती कर्मा,सरपंच सोमारी नाग सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।


