पीएम जनमन योजना से जशपुर को मिलेंगे पांच बड़े पुल, 16.03 करोड़ रुपये की मिली स्वीकृति
रायपुर. प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम जनमन) के तहत जशपुर जिले के दूरस्थ जनजातीय क्षेत्रों में सड़क संपर्क व्यवस्था मजबूत करने के लिए पांच वृहद पुलों के निर्माण को प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। राज्य शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने इन निर्माण कार्यों के लिए कुल 16 करोड़ 3 लाख 34 हजार रुपये स्वीकृत किए हैं।
स्वीकृत सभी पांच पुल जशपुर जिले के बगीचा विकासखंड में बनाए जाएंगे। भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा पीएम जनमन योजना के वर्ष 2026-27 के बैच-I में छत्तीसगढ़ के लिए कुल 167 पुलों के निर्माण की स्वीकृति दी गई है। इनमें जशपुर जिले के ये पांच पुल भी शामिल हैं।
इन स्थानों पर बनेंगे पुल
स्वीकृत निर्माण कार्यों में डंगरी से दरावाकोना मार्ग पर 60 मीटर लंबे पुल के लिए 3 करोड़ 56 लाख 23 हजार रुपये, जबला से नवापारा मार्ग पर 30 मीटर लंबे पुल के लिए 1 करोड़ 83 लाख 21 हजार रुपये की स्वीकृति दी गई है।
इसी तरह कमरीमा मंझाटोली से खपरीडीह मार्ग पर 60 मीटर लंबे पुल के निर्माण के लिए 4 करोड़ 4 लाख 19 हजार रुपये, बगीचा-कांसाबेल मार्ग से जनकपुर पहुंच मार्ग पर 80 मीटर लंबे पुल के लिए 3 करोड़ 52 लाख 67 हजार रुपये तथा कुहापानी से बांसधार मार्ग पर 60 मीटर लंबे पुल के निर्माण के लिए 3 करोड़ 7 लाख 4 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
बारिश में आवागमन की समस्या से मिलेगी राहत
इन पुलों के निर्माण से बरसात के दिनों में नालों के उफान के कारण आवागमन बाधित होने की समस्या से ग्रामीणों को राहत मिलेगी। विद्यार्थियों को स्कूल और कॉलेज पहुंचने, मरीजों को स्वास्थ्य केंद्रों एवं अस्पतालों तक जाने तथा किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में सुविधा होगी।
बेहतर सड़क संपर्क से स्थानीय व्यापार, रोजगार और आजीविका की गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। साथ ही दूरस्थ जनजातीय बसाहटों तक सरकारी योजनाओं और आवश्यक सेवाओं की पहुंच आसान होगी।
सभी निर्माण कार्य स्वीकृत राशि के अंतर्गत पूर्ण किए जाएंगे। तकनीकी स्वीकृति प्राप्त होने के बाद नियमानुसार निर्माण कार्य प्रारंभ किए जाएंगे।



