छत्तीसगढ़शिक्षा

UG Counselling-2026 : बीटेक कृषि अभियांत्रिकी और खाद्य प्रौद्योगिकी में प्रवेश का मौका, 20 जुलाई तक कराएं ऑनलाइन पंजीयन

रायपुर। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बीटेक (कृषि अभियांत्रिकी) एवं बीटेक (खाद्य प्रौद्योगिकी) पाठ्यक्रमों में प्रवेश (UG Counselling-2026) की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। ऑनलाइन यूजी काउंसिलिंग के प्रथम चरण के लिए पंजीयन की अंतिम तिथि 20 जुलाई 2026 रात 11 बजे तक निर्धारित की गई है।

विश्वविद्यालय के अनुसार प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थी ऑनलाइन माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। काउंसिलिंग (Online UG Counselling-2026) में वे विद्यार्थी पात्र होंगे, जिन्होंने मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं कक्षा में भौतिकी, रसायन विज्ञान, गणित और अंग्रेजी विषय के साथ परीक्षा उत्तीर्ण की हो। इसके अलावा पीईटी-2026, जेईई मेन्स-2026 अथवा 12वीं गणित समूह के आधार पर प्रवेश लेने वाले अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकेंगे।

छत्तीसगढ़ समेत अन्य राज्यों के अभ्यर्थियों को मिलेगा मौका

बीटेक प्रवेश प्रक्रिया (B.Tech Admission-2026) में छत्तीसगढ़ राज्य के साथ-साथ अन्य राज्यों के पात्र अभ्यर्थी भी ऑनलाइन पंजीयन कर सकते हैं। अन्य राज्यों के अभ्यर्थियों को छत्तीसगढ़ के अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग पूरी होने के बाद बची हुई सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा। इसके लिए 30 जुलाई 2026 को अलग से काउंसिलिंग आयोजित की जाएगी।

23 जुलाई को जारी होगी प्रावीण्य सूची

ऑनलाइन पंजीयन कराने वाले अभ्यर्थियों की प्रावीण्य सूची (Merit List-2026) 23 जुलाई 2026 को विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर जारी की जाएगी। इसके बाद 24 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक सीट आवंटन, दस्तावेज सत्यापन और प्रवेश की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते ऑनलाइन पंजीयन (Online Registration) पूरा कर लें, ताकि किसी भी तकनीकी समस्या से बचा जा सके।

कृषि तकनीकी शिक्षा में बढ़ेंगे अवसर

बीटेक कृषि अभियांत्रिकी और खाद्य प्रौद्योगिकी पाठ्यक्रम (Agriculture Engineering and Food Technology) के माध्यम से विद्यार्थियों को कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीक, मशीनरी, खाद्य प्रसंस्करण और उत्पादन प्रणाली से जुड़ा ज्ञान प्राप्त होगा। इन पाठ्यक्रमों में अध्ययन करने वाले विद्यार्थियों के लिए कृषि उद्योग और तकनीकी क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर उपलब्ध होंगे।

प्रवेश संबंधी विज्ञापन, काउंसिलिंग की समय-सारणी, दिशा-निर्देश, सीटों का विवरण और अन्य आवश्यक जानकारी इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध है।

Related Articles

Back to top button