सिंगापुर की कंपनी छत्तीसगढ़ में 41,750 करोड़ का निवेश करेगी

100 मेगावाट क्षमता का एआई-रेडी डेटा सेंटर कैंपस होगा स्थापित, सिंग फोरम में राज्य को मिले 43,250 करोड़ के निवेश प्रस्ताव
रायपुर। छत्तीसगढ़ को सिंगापुर में आयोजित प्रथम सिंगापुर-इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ फोरम 2026 में 43,250 करोड़ रुपए के प्रत्यक्ष विदेशी निवेश की प्रतिबद्धताएं मिली हैं। इसमें सिंगापुर मुख्यालय वाली एनर्जी कैपिटल ग्लोबल प्राइवेट लिमिटेड की ओर से छत्तीसगढ़ में एआई-रेडी डेटा सेंटर कैंपस स्थापित करने के लिए 41,750 करोड़ रुपए का बड़ा निवेश प्रस्ताव शामिल है। कंपनी राज्य में 100 मेगावाट क्षमता का डेटा सेंटर कैंपस विकसित करेगी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने फोरम में छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया। उन्होंने एनर्जी कैपिटल ग्लोबल को निवेश का आमंत्रण सौंपा। कंपनी एशिया-प्रशांत क्षेत्र में ऑन-साइट स्वच्छ ऊर्जा से जुड़े एआई-रेडी डेटा सेंटर के विकास और वित्तपोषण के क्षेत्र में काम करती है। कंपनी की मौजूदगी सिंगापुर, भारत, मलेशिया, कजाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया में है।
डिजिटल क्षेत्र को मिलेगी नई गति
राज्य में प्रस्तावित यह निवेश छत्तीसगढ़ में डिजिटल अधोसंरचना के विस्तार को नई गति देगा। छत्तीसगढ़ में पहले से ही भारत का पहला एआई डेटा सेंटर पार्क स्थापित है। प्रस्तावित डेटा सेंटर कैंपस के साथ राज्य को देश के उभरते डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
एनर्जी कैपिटल ग्लोबल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी स्टानिस्लाव बोरिसोव ने कहा कि एआई अधोसंरचना के लिए आवश्यक ऊर्जा, भूमि और राजनीतिक इच्छाशक्ति छत्तीसगढ़ में उपलब्ध है। कंपनी मध्य भारत में बड़े एआई-रेडी डेटा सेंटर कैंपस के विकास के साथ राज्य में अंतरराष्ट्रीय पूंजी और विशेषज्ञता लाने तथा स्थानीय इंजीनियरों को प्रशिक्षण देने की दिशा में काम करेगी।
सौर ऊर्जा क्षेत्र में भी 1500 करोड़ का प्रस्ताव
फोरम के दौरान छत्तीसगढ़ को सनस्ट्रीम ग्रीन एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड से 1500 करोड़ रुपए के प्रत्यक्ष विदेशी निवेश का प्रस्ताव मिला। कंपनी सौर ऊर्जा के साथ बैटरी भंडारण और संबंधित उपकरणों के क्षेत्र में निवेश करेगी। इस तरह डेटा सेंटर और हरित ऊर्जा क्षेत्र में मिले निवेश प्रस्ताव राज्य के डिजिटल और ऊर्जा क्षेत्र को एक साथ मजबूती देने वाले हैं।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि ये निवेश प्रतिबद्धताएं छत्तीसगढ़ की नीतियों, संभावनाओं और लोगों के प्रति निवेशकों के भरोसे का प्रमाण हैं। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से राज्य के युवाओं के लिए रोजगार और नए अवसर पैदा होंगे तथा विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य को गति मिलेगी।
18 महीने में 8 लाख करोड़ से ज्यादा के निवेश प्रस्ताव
मुख्यमंत्री साय ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन की ओर से आयोजित फायरसाइड चैट में भी हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उद्योगों की समस्याओं को सीधे समझकर नीतियों और व्यवस्थाओं में बदलाव कर रही है। उनके अनुसार राज्य में अब तक 450 से अधिक सुधार किए जा चुके हैं। उन्होंने दावा किया कि सुधारों, प्रगतिशील औद्योगिक नीति और सक्रिय प्रशासन के चलते छत्तीसगढ़ को पिछले 18 महीनों में 8 लाख करोड़ रुपए से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं।
सिंगापुर सरकार के विदेश मंत्रालय तथा व्यापार एवं उद्योग मंत्रालय की राज्य मंत्री गैन सियो ह्वांग भी फोरम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। मास्टरकार्ड, आईएचसीएल (ताज होटल्स) और नेस्ले समेत कई वैश्विक कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी फोरम को संबोधित किया।
फोरम से इतर मुख्यमंत्री ने एक्वाटेक और एड्रॉइट ओवरसीज प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधियों के साथ अलग-अलग बैठकें कीं। इनमें उद्योगों के लिए अपशिष्ट जल के पुन: उपयोग से जुड़ी अधोसंरचना और छत्तीसगढ़ में खाद्य प्रसंस्करण के अवसरों पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री 6 अक्टूबर को सीईओ राउंडटेबल में सिंगापुर की प्रमुख कंपनियों और निवेश संस्थानों के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे।



