छत्तीसगढ़

बस्तर में खत्म हो रहा माओवादी हिंसा का दौर, अब शांति और विकास की राह : विजय शर्मा

जगदलपुर. उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि बस्तर लंबे समय से चले आ रहे नक्सलवाद और हिंसा के दौर से निकलकर अब शांति, सुरक्षा और समृद्धि की ओर तेजी से बढ़ रहा है। जिन इलाकों में कभी भय का माहौल था, वहां अब शासन की योजनाएं और मूलभूत सुविधाएं पहुंच रही हैं। इससे लोगों के जीवन में सुरक्षा और विश्वास का वातावरण बन रहा है।

उप मुख्यमंत्री सोमवार को जगदलपुर के पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी सभागार में आयोजित जिला स्तरीय सेवा संकल्प शिविर में शामिल हुए। शिविर में विभिन्न विभागों ने एक ही स्थान पर नागरिकों की समस्याओं का निराकरण किया और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ, आर्थिक सहायता, प्रमाण पत्र और अधिकार अभिलेख वितरित किए।

हिंसा प्रभावितों को कृत्रिम अंग और सहायक उपकरण

विजय शर्मा ने कहा कि शासन-प्रशासन के प्रयासों से बस्तर में माओवादी हिंसा समाप्ति की ओर है। उन्होंने कहा कि हिंसा और आईईडी विस्फोटों से प्रभावित नागरिकों तथा सुरक्षा जवानों के पुनर्वास के लिए तीन दिवसीय विशेष शिविर आयोजित किया गया है। इसमें पीड़ितों और दिव्यांगजनों को उच्च गुणवत्ता के कृत्रिम अंग और सहायक उपकरण निःशुल्क उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि एक हितग्राही को कृत्रिम हाथ लगाने के बाद जब उसने उसी हाथ से पानी की बोतल उठाकर पानी पिया, तो उसके चेहरे की खुशी इस पहल की उपयोगिता को बताती है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास प्रभावित लोगों के जीवन में बड़ा बदलाव ला सकते हैं।

एक ही जगह मिली कई विभागों की सेवाएं

शिविर में राजस्व विभाग ने पांच बाढ़ प्रभावितों को कुल 6.50 लाख रुपए की आर्थिक सहायता दी, जबकि 35 हितग्राहियों को अधिकार अभिलेख वितरित किए गए। श्रम विभाग ने मिनीमाता महतारी जतन योजना के तहत एक हितग्राही को 20 हजार रुपए तथा मुख्यमंत्री मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना के तहत एक पात्र हितग्राही को एक लाख रुपए की सहायता प्रदान की।

कृषि विभाग ने पांच किसानों को फसल बीमा प्रमाण पत्र और मत्स्य पालन विभाग ने तीन मत्स्य पालकों को जाल वितरित किए। स्वास्थ्य विभाग ने वरिष्ठ नागरिकों के वय वंदन कार्ड और पात्र नागरिकों के आयुष्मान कार्ड बनाए। वहीं 12 नागरिकों के आधार विवरण का अद्यतन किया गया तथा जन्म-मृत्यु पंजीयन से संबंधित आवेदन भी लिए गए।

विकास कार्यों का असर दिख रहा : महेश कश्यप

बस्तर सांसद महेश कश्यप ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा आंतरिक सुरक्षा को मजबूत करने के प्रयासों का असर बस्तर में दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक उग्रवाद से प्रभावित रहे क्षेत्रों में सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी सुविधाओं का विस्तार हो रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण, निःशुल्क राशन, पक्के आवास और शौचालय सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंच रहा है। सेवा संकल्प शिविर के माध्यम से नागरिकों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने के बजाय एक ही परिसर में कई विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

इस अवसर पर नगर निगम सभापति खेमसिंह देवांगन, कलेक्टर आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा, नगर निगम आयुक्त प्रवीण वर्मा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button