देश

Swiggy Instamart : एक्सपायर्ड और सड़ा खाना बेचने पर स्विगी इंस्टामार्ट को 9 नोटिस

नई दिल्ली। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने स्विगी इंस्टामार्ट (Swiggy Instamart) को सड़ा-गला और एक्सपायर्ड (Expired) खाद्य उत्पादों की आपूर्ति संबंधी शिकायतों के बाद 9 कारण बताओ नोटिस (Show Cause Notice) जारी किए हैं। उपभोक्ताओं की शिकायतों में खराब खाद्य सामग्री, एक्सपायर्ड हेल्थ सप्लीमेंट्स और शिशु आहार की आपूर्ति जैसे गंभीर मामले सामने आए हैं। मामले में इंस्टामार्ट ने कहा है कि वह एफएसएसएआई (FSSAI) की आपत्तियों की समीक्षा कर रहा है और अधिकारियों के संपर्क में है।

शिशु आहार से लेकर सड़े अंडे तक की शिकायत Swiggy Instamart

एफएसएसएआई (FSSAI) के अनुसार, स्विगी इंस्टामार्ट (Swiggy Instamart) के जरिए ग्राहकों को एक्सपायर्ड (Expired), दूषित और सड़े खाद्य उत्पाद पहुंचाए गए। सबसे गंभीर शिकायत शिशु आहार (Infant Food) से जुड़ी रही, जिसमें खराब गुणवत्ता वाला उत्पाद डिलीवर किया गया। शिकायत के बाद ग्राहक द्वारा लौटाया गया वही पैकेट दोबारा भेजने का भी आरोप है। इसके अलावा ऑर्गेनिक अंडे सड़े और बदबूदार मिले, जबकि पैक्ड पराठे से भी दुर्गंध आने की शिकायत दर्ज हुई। कई हेल्थ सप्लीमेंट्स (Health Supplements) भी एक्सपायरी डेट गुजरने के बाद ग्राहकों को भेजे गए।

लाइसेंस और लिस्टिंग में भी मिली गड़बड़ी

जांच में यह भी सामने आया कि कई खाद्य कारोबार संचालक (Food Business Operator) बिना वैध एफएसएसएआई लाइसेंस (FSSAI License) या गलत नाम से प्लेटफॉर्म पर सूचीबद्ध थे। कुछ उत्पाद ऐसे ब्रांड नाम से बेचे जा रहे थे, जिन्हें स्वीकृत श्रेणी में शामिल ही नहीं किया गया था।

सिर्फ रिफंड कर टालने का आरोप Swiggy Instamart

शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि गंभीर मामलों में भी कंपनी ने ठोस सुधारात्मक कार्रवाई करने के बजाय कई बार सिर्फ पैसे वापस कर मामले को खत्म करने की कोशिश की। एफएसएसएआई (FSSAI) ने कंपनी से विस्तृत जवाब और अनुपालन रिपोर्ट (Compliance Report) मांगी है।

संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो होगी कार्रवाई

खाद्य सुरक्षा प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि तय समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने या सुधार के पर्याप्त प्रमाण प्रस्तुत नहीं करने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 (Food Safety and Standards Act-2006) के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button