छत्तीसगढ़
सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों में लापरवाही, लोक निर्माण विभाग के 13 अधिकारियों को नोटिस
रायपुर। सीएम हेल्पलाइन 1076 पर दर्ज शिकायतों के निराकरण में लापरवाही बरतने के मामले में लोक निर्माण विभाग ने 13 अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इनमें तीन अधीक्षण अभियंता, पांच कार्यपालन अभियंता और पांच अनुविभागीय अधिकारी शामिल हैं।
मामला शिकायतों को बिना सारगर्भित टीप दर्ज किए बंद करने से जुड़ा है। शिकायतों के निराकरण की प्रक्रिया में निर्धारित मापदंडों का पालन नहीं किए जाने को लेकर अधिकारियों से जवाब मांगा गया है।
विभाग ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे नोटिस जारी होने के 15 दिनों के भीतर लोक निर्माण विभाग के सचिव को लिखित जवाब प्रस्तुत करें। अधिकारियों के जवाब के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा सकती है।



