छत्तीसगढ़

Young Scientists: नन्हे वैज्ञानिकों ने खोजे अपने सवालों के जवाब

  • पैंकू में सजा बाल शोध मेला बच्चों ने किया शोध
  • पोस्टर-मॉडल से दुनिया को समझाया अपना हुनर

नीलांचल गौड़

जशपुर/नवप्रदेश। समग्र शिक्षा जशपुर एवं अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के सहयोग से जशपुर विकासखंड के ग्राम पैंकू में बाल शोध (Young Scientists) मेले का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 की भावना के अनुरूप बच्चों में स्वयं सीखने, सवाल पूछने, खोजबीन करने और अपने अनुभवों के आधार पर निष्कर्ष निकालने की प्रवृत्ति विकसित करने के उद्देश्य से आयोजित इस मेले में बच्चों और शिक्षकों का उत्साह देखते ही बना।


मेले में जशपुर विकासखंड के 39 प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालयों के बच्चों (Young Scientists) ने बीज, फसल, पेड़-पौधे, जनसंख्या समेत विभिन्न विषयों पर किए गए शोध कार्यों को प्रस्तुत किया। बच्चों ने शोध के दौरान जुटाई गई जानकारी का विश्लेषण कर उसके आधार पर निष्कर्ष तैयार किए और उन्हें आकर्षक पोस्टर, मॉडल एवं अन्य माध्यमों से प्रदर्शित किया। बच्चों ने अपने-अपने शोध विषयों की जानकारी आगंतुकों को विस्तार से समझाते हुए उनके सवालों के जवाब भी दिए।


फरवरी से शुरू हुई थी तैयारी


बाल शोध (Young Scientists) मेले की तैयारियां फरवरी माह से ही शुरू कर दी गई थीं। सबसे पहले शिक्षकों का क्षमता वर्धन किया गया। इसके बाद शिक्षकों ने बच्चों के साथ मिलकर विभिन्न विषयों पर शोध कार्य की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया। बच्चों ने अपने आसपास के परिवेश को शोध का विषय बनाया और उससे जुड़ी जानकारी एकत्र कर उसका अध्ययन किया। इस पूरी प्रक्रिया ने बच्चों में जिज्ञासा, तार्किक सोच और वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने का प्रयास किया।


80 बच्चों ने प्रस्तुत किए शोध, 500 विद्यार्थी बने दर्शक


मेले में 39 प्रस्तुतकर्ता विद्यालयों के अलावा करीब 40 अन्य शिक्षक भी विजिटर के रूप में शामिल हुए। वहीं करीब 80 बच्चों ने अपने शोध प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए, जबकि प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक एवं हाईस्कूल स्तर के करीब 500 छात्र-छात्राओं ने मेले में विजिटर के तौर पर हिस्सा लिया। स्थानीय समुदाय की भी आयोजन में सक्रिय भागीदारी रही। ग्राम पैंकू सहित आसपास के क्षेत्र से 100 से अधिक लोग मेले में पहुंचे और बच्चों के शोध कार्यों को देखा।


अधिकारियों ने बढ़ाया बच्चों का उत्साह


बाल शोध मेले का अवलोकन करने एवं बच्चों तथा शिक्षकों का उत्साह बढ़ाने के लिए जिला पंचायत जशपुर के सीईओ अभिषेक कुमार, महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला परियोजना अधिकारी अंशुल पांडे, सीडीपीओ योगेश कुमार भगत तथा शिक्षा विभाग से एबीओ टुमणु गोसाई उपस्थित रहे। इसके अलावा पैंकू संकुल की प्राचार्य आशा तिर्की एवं विकासखंड जशपुर के विभिन्न संकुलों के संकुल समन्वयकों ने भी आयोजन में सहभागिता की।


अतिथियों ने बच्चों द्वारा किए गए शोध कार्यों और शिक्षकों के मार्गदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों में सीखने की स्वाभाविक जिज्ञासा को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने बच्चों को अपने आसपास की समस्याओं और प्राकृतिक संसाधनों को समझने तथा सवालों के जवाब खोजने के लिए प्रेरित किया।


समुदाय की भागीदारी ने बढ़ाई आयोजन की सार्थकता


आयोजन को सफल बनाने में ग्राम पैंकू के सरपंच, अभिभावकों और स्थानीय समुदाय का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। बच्चों, शिक्षकों और समुदाय के सामूहिक प्रयास से आयोजित यह बाल शोध मेला सीखने की पारंपरिक प्रक्रिया से आगे बढ़कर बच्चों को स्वयं खोजने और अपने निष्कर्ष साझा करने का मंच बना।

Related Articles

Back to top button